दिल्ली में जारी किए गए 1 करोड़ डिजिटल स्वास्थ्य पहचान पत्रों में 7 लाख आयुष्मान कार्ड शामिल

दिल्ली में जारी किए गए 1 करोड़ डिजिटल स्वास्थ्य पहचान पत्रों में 7 लाख आयुष्मान कार्ड शामिल

दिल्ली में जारी किए गए 1 करोड़ डिजिटल स्वास्थ्य पहचान पत्रों में 7 लाख आयुष्मान कार्ड शामिल
Modified Date: February 28, 2026 / 09:06 pm IST
Published Date: February 28, 2026 9:06 pm IST

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना के तहत एक करोड़ से अधिक लोगों के पास डिजिटल स्वास्थ्य पहचानपत्र हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वर्तमान में 1,01,20,000 आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) संख्या और सात लाख से अधिक आयुष्मान भारत कार्डधारक हैं। दिल्ली में पिछले साल फरवरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार द्वारा आयुष्मान योजना लागू की गई थी।

आंकड़ों के मुताबिक पश्चिमी जिले में लगभग 13.3 लाख ‘आभा’ खाते पंजीकृत हैं । यह सभी जिलों में सबसे अधिक हैं। इसके बाद उत्तर-पश्चिम में 12 लाख, दक्षिण-पश्चिम में 11.6 लाख और दक्षिण जिले में 11.1 लाख पंजीकरण हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में जानकारी दी कि दिल्ली में अब तक 7.2 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं जिनमें वरिष्ठ नागरिकों को जारी किए गए 2.7 लाख से अधिक कार्ड शामिल हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘ ‘आभा’ संख्या किसी व्यक्ति की ‘डिजिटल आईडी’ की तरह है, जिसमें उसकी चिकित्सा संबंधी पूरी जानकारी होती है जबकि आयुष्मान कार्ड केवल पात्र व्यक्तियों के लिए है तथा ‘आभा’ संख्या सभी के लिए है। यह आपात स्थिति में मरीज के इतिहास को जानने में सहायक होता है।’

अधिकारी ने बताया कि राजधानी में योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए 208 अस्पतालों का एक नेटवर्क सूचीबद्ध किया गया है, जिसमें 156 निजी और 52 सरकारी अस्पताल शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में ‘राज्य स्वास्थ्य एजेंसी’ के माध्यम से अब तक लगभग 29,120 लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत उपचार प्राप्त किया है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलता है। इस योजना के दायरे 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिक और गरीबी रेखा से नीचे के परिवार आते हैं। इस योजना को एक साल पहले दिल्ली में लागू किया गया था।

भाषा

प्रचेता प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में