जम्मू, 13 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिले में इस साल की शुरुआत में चलाए गए 17 दिवसीय आतंकवाद विरोधी अभियान की सफलता में भूमिका निभाने वाले 70 कर्मियों को मंगलवार को सम्मानित किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कठुआ जिले के बिलावर पर्वतीय क्षेत्र के पडेटार इलाके में इस वर्ष सात जनवरी से 23 जनवरी तक चले अभियान से जुड़े लोगों को सम्मानित करने के लिए मंगलवार को कठुआ के जिला पुलिस लाइंस में प्रशस्ति समारोह का आयोजन किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने पडेटार के दुर्गम इलाके में व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान के बाद जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक आतंकवादी को मार गिराया, जिसकी पहचान उस्मान के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि कठुआ पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) के 70 कर्मियों को खुफिया जानकारी जुटाने, क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करने और अभियान को अंजाम देने में उनके योगदान के लिए नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया।
कठुआ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहिता शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की और अभियान के दौरान कर्मियों द्वारा प्रदर्शित साहस, पेशेवर रवैये और समर्पण की सराहना की।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा