पश्चिम बंगाल के नदिया में एक स्कूल की छत पर देसी बम फटा

पश्चिम बंगाल के नदिया में एक स्कूल की छत पर देसी बम फटा

पश्चिम बंगाल के नदिया में एक स्कूल की छत पर देसी बम फटा
Modified Date: April 11, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: April 11, 2026 9:20 pm IST

कल्याणी, 11 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में शनिवार को एक स्कूल भवन की छत पर एक देसी बम फट गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कल्याणी विधानसभा क्षेत्र के सगुना पंचायत क्षेत्र में स्थित घोरदागाचा माध्यमिक शिक्षा केंद्र में हुई घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

उन्होंने बताया कि यह धमाका स्कूल की छुट्टी के तुरंत बाद हुआ, जब छात्र परीक्षा के बाद परिसर से बाहर निकल चुके थे। जब स्कूल की छत से धमाके की तेज आवाज सुनाई दी, तब कुछ शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी वहीं मौजूद थे।

शिक्षक दौड़कर स्कूल की छत पर गए और पाया कि एक देसी बम फट गया था, जबकि एक अन्य बम पास ही पड़ा हुआ था जो फटा नहीं था। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।

कल्याणी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) प्रीतम साहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

कल्याणी के लिए निर्वाचन आयोग के सामान्य पर्यवेक्षक पी. शिव शंकर ने सुरक्षा बलों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर चुनाव से पहले अशांति फैलाने के लिए विस्फोटक लगाने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने इस आरोप का खंडन करते हुए सत्ताधारी पार्टी को दोषी ठहराया।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा, 23 और 29 अप्रैल को। मतगणना चार मई को होगी।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में