कायरता और अमानवीयता का काला अध्याय : अन्नपूर्णा देवी ने पहलगाम हमले की बरसी पर कहा
कायरता और अमानवीयता का काला अध्याय : अन्नपूर्णा देवी ने पहलगाम हमले की बरसी पर कहा
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पहलगाम आतंकवादी हमले की पहली बरसी पर बुधवार को कहा कि भारत इस ‘‘कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य’’ को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने इस हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी।
पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष इसी दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकांश पर्यटक थे।
अन्नपूर्णा देवी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक वर्ष पहले आज ही के दिन पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह कायरता और अमानवीयता का एक काला अध्याय है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।’’
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से जवाबी सैन्य कार्रवाई की थी, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सैन्य तथा आतंकी ढांचे को ध्वस्त कर दिया था।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


