पलक्कड़ में पिंजरे में फंसा तेंदुआ पकड़ा गया, वन विभाग ने जंगल में छोड़ा
पलक्कड़ में पिंजरे में फंसा तेंदुआ पकड़ा गया, वन विभाग ने जंगल में छोड़ा
पलक्कड़ (केरलम), 14 सितंबर (भाषा) केरलम के पलक्कड़ जिले के कोल्लेंगोड इलाके में पिंजरे में फंसे एक तेंदुए को वन विभाग ने सोमवार को बचाकर जंगल में छोड़ दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कोल्लेंगोड के पास मथुर में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ रात करीब एक बजे फंस गया था।
तेंदुए के फंसने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए और उन्होंने मांग की कि उसे जंगल में छोड़ने के बजाय चिड़ियाघर भेजा जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि इलाके में पहले पकड़े गए तेंदुओं को परम्बिकुलम या नेल्लियाम्पथी के जंगलों में छोड़ा गया था, लेकिन वे बाद में वापस आबादी वाले इलाकों में लौट आए, जिससे लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया।
ग्रामीणों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह जल्दी काम पर जाने या दूध पहुंचाने के लिए बाहर निकलने वाले लोगों का तेंदुओं से सामना होने का खतरा बना रहता है।
हालांकि, अधिकारियों ने तेंदुए के युवा और स्वस्थ होने का आकलन करने के बाद ग्रामीणों की मांग को खारिज कर दिया और सोमवार तड़के उसे परम्बिकुलम के जंगल में छोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ पकड़ा गया था।
उन्होंने कहा कि यह इलाका जंगल की सीमा से लगा हुआ है और यहां अक्सर जंगली जानवर गांवों में आ जाते हैं।
भाषा रंजन
रंजन

Facebook


