तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभिन्न दलों के नेताओं ने गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं

तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभिन्न दलों के नेताओं ने गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं

तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभिन्न दलों के नेताओं ने गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं
Modified Date: September 14, 2026 / 10:54 am IST
Published Date: September 14, 2026 10:54 am IST

चेन्नई, 14 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने विनायक चतुर्थी के पावन अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह त्योहार लोगों के बीच एकता और सद्भाव को मजबूत करेगा तथा उन्हें समृद्ध एवं प्रगतिशील तमिलनाडु और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देगा।

आर्लेकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘विघ्नहर्ता और बुद्धि एवं समृद्धि के प्रतीक भगवान विनायक हम सभी को ज्ञान, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और सफलता का आशीर्वाद दें। यह पावन पर्व हमारी एकता को मजबूत करे और सद्भाव बढ़ाए तथा हमें समृद्ध एवं प्रगतिशील तमिलनाडु और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा दे।’’

मुख्यमंत्री विजय ने अपने संदेश में लोगों की आकांक्षाएं पूरी होने और उनके सभी प्रयास सफल होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस पावन दिन शुरू किए गए सभी अच्छे कार्य भगवान विनायक की कृपा से सफलतापूर्वक पूरे हों, नयी उम्मीदें जगें और हर परिवार में खुशी, शांति तथा समृद्धि बनी रहे।’’

अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी ने कामना की कि भगवान विनायक की कृपा से सभी को अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं सर्वशक्तिमान भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह सभी को प्रेम, शांति, सुख-समृद्धि और खुशहाली से भरा जीवन प्रदान करें। विघ्नहर्ता और आदि देव भगवान विनायक की चतुर्थी के पावन अवसर पर मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं।’’

अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के नेता टी. टी. वी. दिनाकरन ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘लोगों का दृढ़ विश्वास है कि विघ्नहर्ता भगवान विघ्नेश्वर का स्मरण कर शुरू किया गया हर शुभ कार्य सफलता प्राप्त करता है। मेरी कामना है कि भगवान विनायक की कृपा से यह पावन दिन सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि कई गुना बढ़ाए।’’

एएमएमके के महासचिव ने एक बयान में कहा, ‘‘भगवान विनायक की कृपा से लोगों के जीवन के सभी दुख दूर हों, उनकी खुशियां बढ़ें और वे स्वस्थ एवं सुखी जीवन जिएं। दुनिया भर में रहने वाले सभी तमिल लोगों को विनायक चतुर्थी की मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में