मई में रिकॉर्ड 27,911 तीर्थयात्रियों ने आदि कैलाश, ओम पर्वत के दर्शन किए
मई में रिकॉर्ड 27,911 तीर्थयात्रियों ने आदि कैलाश, ओम पर्वत के दर्शन किए
पिथौरागढ़, एक जून (भाषा) इस साल मई में देश के विभिन्न हिस्सों से रिकॉर्ड 27,911 तीर्थयात्रियों ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। यह संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले 150 फीसदी से भी अधिक है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
धारचूला के उप जिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि मई 2025 में 10,267 तीर्थयात्रियों ने आदि कैलाश के दर्शन किए, जबकि 2024 और 2023 में इस महीने में आदि कैलाश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या क्रमशः 9,554 और 2,858 थी।
सूत्रों के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन करने के बाद इस यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगई ने कहा कि आदि कैलाश यात्रा इस सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार का सबसे बड़ा स्रोत साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि इस तीर्थयात्रा के प्रति रुझान बढ़ने से भारत-चीन और भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सीमावर्ती गांवों से पलायन कम हुआ है।
आदि कैलाश यात्रा इस साल एक मई को जोलिंगकोंग स्थित भगवान शिव के मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई थी। स्थानीय मौसम अनुकूल रहा तो यह तीर्थयात्रा अक्टूबर तक जारी रहेगी।
भाषा
सं दीप्ति पारुल
पारुल

Facebook


