चुनाव तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीईसी राजीव कुमार के नेतृत्व वाला दल हैदराबाद पहुंचा
चुनाव तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीईसी राजीव कुमार के नेतृत्व वाला दल हैदराबाद पहुंचा
हैदराबाद, तीन अक्टूबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तेलंगाना में चुनाव तैयारियों का आकलन करने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार को यहां पहुंचा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने यहां राजीव गांधी हवाईअड्डे पर टीम का स्वागत किया।
तीन दिवसीय यात्रा के दौरान टीम राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ अपने प्रयासों का समन्वय करने के लिए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी करेगी।
पूर्व में जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की टीम राष्ट्रीय और राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक के साथ यात्रा की शुरुआत करेगी। इसके बाद, यह आगामी चुनावों से संबंधित प्रमुख मामलों पर चर्चा करने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ बैठक करेगी।
बुधवार को, जमीनी स्तर पर चुनाव तैयारियों का आकलन करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा और तेलंगाना के सभी 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक/पुलिस आयुक्त चुनाव आयोग की टीम के सामने विस्तृत प्रस्तुति देंगे। दौरे के आखिरी दिन, निर्वाचन आयोग की टीम लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूकता और भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए राज्य के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, दिव्यांग व्यक्तियों और युवा मतदाताओं के साथ बातचीत करेगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीईसी राजीव कुमार आखिरी दिन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


