ईटानगर, तीन मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में मंगलवार को ‘यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट (उल्फा-आई)’ गुट से संबंधित एक उग्रवादी ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
होरू चिंगहान के आसपास के इलाके में एक विद्रोही की मौजूदगी की पक्की खबर मिलने के बाद असम राइफल्स की खोंसा बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 36वीं बटालियन और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। एक आधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार मौके पर पहुंचकर सुरक्षा बलों ने उग्रवादी से संपर्क स्थापित किया और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए राजी कर लिया।
लगातार दबाव और निरंतर बातचीत के बाद वह आत्मसमर्पण करने पर राजी हो गया। उसकी पहचान स्वयंभू द्वितीय लेफ्टिनेंट बिटुल बरुआ (31) के रूप में हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक उसके पास से एक पिस्तौल एवं दो कारतूस बरामद किए गए। बाद में उसे कॉब नॉग्लो में हिरासत में ले लिया गया।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश