ट्रंप ने की ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टॉर्मर की ईरान नीति की आलोचना; कहा- रुख ‘बहुत मददगार नहीं’

Ads

ट्रंप ने की ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टॉर्मर की ईरान नीति की आलोचना; कहा- रुख ‘बहुत मददगार नहीं’

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 09:02 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 09:02 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, तीन मार्च (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ईरान पर अमेरिकी और इजराइली हमलों के मामले में ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर का रुख ‘बहुत मददगार नहीं’ रहा। उन्होंने, हालांकि फ्रांस और जर्मनी जैसे यूरोपीय सहयोगियों की प्रतिक्रिया की सराहना की।

ट्रंप ने लंदन के ‘द सन’ अखबार को व्हाइट हाउस से फोन पर दिये साक्षात्कार में कहा कि वह यह देखकर ‘‘बहुत दुखी’’ हैं कि ब्रिटेन और अमेरिका के बीच विशेष संबंध अब वैसा नहीं रहा जैसा पहले था।

उन्होंने पहले स्टॉर्मर पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अमेरिका को ईरान पर हमला करने के लिए ब्रिटिश एयरबेस के इस्तेमाल की अनुमति देने में ‘‘बहुत अधिक समय लिया’’। ट्रंप ने कहा, ‘‘वह (स्टॉर्मर) मददगार साबित नहीं हुए। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे यह देखने को मिलेगा। हम ब्रिटेन से प्यार करते हैं।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘असल में यह एक अलग दुनिया है। यह आपके देश के साथ हमारे पहले के रिश्ते से एक बहुत ही अलग प्रकार का संबंध है। यह देखकर बहुत दुख होता है कि यह रिश्ता अब स्पष्ट रूप से वैसा नहीं रहा जैसा पहले था।’’

इससे एक दिन पहले स्टॉर्मर ने ईरान पर हमलों में ब्रिटेन के शामिल होने के फैसले के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाया था और कहा कि ब्रिटेन में उनकी लेबर पार्टी की सरकार “हमलों के जरिये” किसी देश के सत्ता-परिवर्तन में विश्वास नहीं करती।

उन्होंने सोमवार को संसद में कहा, ‘‘इतिहास के सबक ने हमें सिखाया है कि जब हम इस तरह के निर्णय लेते हैं, तो यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि जो कुछ ब्रिटेन कर रहा है उसका कानूनी आधार मौजूद हो— यह इराक़ से लिये गए सबकों में से एक है… यही सिद्धांत मैंने अमेरिकी और इजराइली आक्रामक हमलों में शामिल न होने के निर्णय में लागू किए।’’

भाषा सुरेश माधव

माधव