तिरुवनंतपुरम में अट्टुकल पोंगल के बाद सफाई को लेकर माकपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग

तिरुवनंतपुरम में अट्टुकल पोंगल के बाद सफाई को लेकर माकपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग

तिरुवनंतपुरम में अट्टुकल पोंगल के बाद सफाई को लेकर माकपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग
Modified Date: March 6, 2026 / 01:34 pm IST
Published Date: March 6, 2026 1:34 pm IST

तिरुवनंतपुरम, छह मार्च (भाषा) केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में अट्टुकल पोंगल के बाद सफाई कार्यों में कथित खामियों को लेकर शुक्रवार को सियासी विवाद छिड़ गया।

केरल के मंत्री वी शिवनकुट्टी ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले की जांच का जिम्मा राजस्व मंडल अधिकारी (आरडीओ) को सौंपा गया है कि क्या अट्टुकल पोंगल के बाद सफाई कार्यों में कोई कमी रही।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और तिरुवनंतपुरम के महापौर वी वी राजेश ने हालांकि आरोप लगाया कि मंत्री मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दबाव में निगम को दोषी ठहरा रहे हैं।

भाजपा ने पिछले साल हुए स्थानीय निकाय चुनाव में 101 में से 50 सीट जीतकर तिरुवनंतपुरम निगम में सत्ता हासिल की थी।

शिवनकुट्टी ने फेसबुक पर एक ‘पोस्ट’ साझा कर कहा कि पोंगल के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई का काम जारी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में राज्य भर से लाखों श्रद्धालु तिरुवनंतपुरम पहुंचे थे लेकिन मीडिया में प्रसारित खबरों में कहा गया है कि कुछ इलाकों में कचरा हटाने में देरी हुई और सफाई व्यवस्था में कमी रही।

उन्होंने कहा कि त्योहार के बाद जनस्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शहर की जल्द से जल्द सफाई जरूरी है।

शिवनकुट्टी ने कहा कि इस संदर्भ में तिरुवनंतपुरम के आरडीओ को निर्देश दिया गया है कि वह स्वयं निरीक्षण कर यह पता लगाएं कि सफाई कार्यों में कोई कमी रही या नहीं और तुरंत रिपोर्ट सौंपें।

उन्होंने कहा कि पोंगल के बाद सफाई कार्य कराने की जिम्मेदारी तिरुवनंतपुरम निगम की है और यदि कोई कमी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, राजेश ने संवाददाताओं से कहा कि शिवनकुट्टी ने पहले कहा था कि पोंगल के बाद सफाई का काम ठीक से किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘अब वह अपनी पार्टी के दबाव में ऐसी बातें कह रहे हैं। उन्हें 45 साल बाद सत्ता गंवाने का दुख होगा और ऐसे लोग भी होंगे जो नहीं चाहेंगे कि काम ठीक से हो।’’

उन्होंने कहा कि निगम ने अपनी जिम्मेदारियां प्रभावी ढंग से निभाई हैं।

राजेश ने कहा, ‘‘निगम की जिम्मेदारी संभालने के लिए लोगों ने भाजपा को चुना है। हमने जनता के सहयोग से सब कुछ अच्छी तरह किया है और पोंगल के दिन खुद मंत्री ने इसकी पुष्टि की थी।’’

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में