अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर एएआईबी की अंतिम मसौदा रिपोर्ट अक्टूबर में दायर की जाएगी: सरकार

Ads

अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर एएआईबी की अंतिम मसौदा रिपोर्ट अक्टूबर में दायर की जाएगी: सरकार

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 04:36 PM IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) सरकार ने मंगलवार को उच्चतम न्यायालय बताया कि जून, 2025 में अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया उड़ान हादसे की जांच करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की अंतिम मसौदा रिपोर्ट अक्टूबर के पहले सप्ताह में सीलबंद लिफाफे में अदालत के समक्ष पेश की जाएगी।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की इन दलीलों पर भी संज्ञान लिया कि ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स’ एएआईबी को अपने सुझाव दे सकता है, जिन पर एएआईबी जांच के दौरान आवश्यक समझे जाने पर विचार किया जा सकता है।

सॉलिसिटर जनरल ने संक्षिप्त सुनवाई के दौरान पीठ को बताया कि याचिकाकर्ताओं में से एक द्वारा दायर आवेदन में किए गए अनुरोध पर चार ‘सिमुलेशन’ परीक्षण किए जा चुके हैं। विधि अधिकारी ने कहा कि अंतिम मसौदा रिपोर्ट पीठ के समक्ष सीलबंद लिफाफे में दाखिल की जाएगी।

अदालत एक एनजीओ, एक विधि छात्र और मृत पायलट के पिता द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। इन याचिकाओं में दुर्घटना की स्वतंत्र और अदालत की निगरानी में जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

पीठ ने इन याचिकाओं पर अगली सुनवाई के लिए 13 अक्टूबर की तारीख निर्धारित कर दी।

एएआईबी ने हाल में उच्चतम न्यायालय को सूचित किया था कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की जांच की अंतिम मसौदा रिपोर्ट इस साल अक्टूबर तक तैयार होने की संभावना है।

बारह जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एआई-171 (बोइंग 787-8) उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 260 लोगों की मौत हो गई थी।

भाषा देवेंद्र सुरेश नेत्रपाल

नेत्रपाल