आप नेता सौरभ भारद्वाज पर नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने के मामले में मामला दर्ज

आप नेता सौरभ भारद्वाज पर नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने के मामले में मामला दर्ज

आप नेता सौरभ भारद्वाज पर नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने के मामले में मामला दर्ज
Modified Date: June 2, 2026 / 02:09 pm IST
Published Date: June 2, 2026 2:09 pm IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उस तीन वर्षीय बच्ची की पहचान उजागर करने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है जिसका पश्चिमी दिल्ली के एक निजी स्कूल में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया था। यह जानकारी एक अधिकारी ने मंगलवार को दी।

अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जनकपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 72 (कुछ अपराधों के पीड़ित की पहचान उजागर करने आदि से संबंधित) तथा किशोर न्याय अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एक निजी स्कूल में 57 वर्षीय कर्मचारी द्वारा तीन वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया था। यह घटना एक मई को बच्ची की मां द्वारा पुलिस से संपर्क करने के बाद सामने आई थी।

शिकायत के अनुसार, बच्ची ने दाखिल के एक दिन बाद 30 अप्रैल को ही स्कूल जाना शुरू किया था। शिकायत के अनुसार, घर लौटने पर उसने दर्द की शिकायत की और जब बच्ची की मां ने उससे पूछताछ की तो उसने कथित तौर आप बीती बताई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। जांच आगे बढ़ने पर स्कूल की एक महिला शिक्षिका को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया कि अब भारद्वाज के खिलाफ नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने के आरोप में एक अलग मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) नीत केंद्र सरकार ने तीन साल की बच्ची के दुष्कर्म के मामले में स्कूल का नाम उजागर करने के लिए मेरे खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है।’’

भाषा खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में