आप ने भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर अवैध पीजी को संरक्षण देने का आरोप लगाया

आप ने भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर अवैध पीजी को संरक्षण देने का आरोप लगाया

आप ने भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर अवैध पीजी को संरक्षण देने का आरोप लगाया
Modified Date: September 9, 2026 / 10:51 pm IST
Published Date: September 9, 2026 10:51 pm IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि भाजपा विधायक अनिल शर्मा सत्य निकेतन में अवैध पेइंग गेस्ट (पीजी) को संरक्षण दे रहे हैं और उनकी संपत्तियों की जांच की मांग की।

शर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह जमीन उनकी पुश्तैनी संपत्ति है और उन्होंने कुछ दस्तावेज दिखाए, जिनमें संपत्ति की रजिस्ट्री और विक्रय विलेख होने का दावा किया गया।

एक संवाददाता सम्मेलन में आप नेताओं संजीव झा, कुलदीप कुमार और अनुराग ढांडा ने सवाल उठाया कि शर्मा के पास उस इलाके में इतनी बड़ी संपत्ति कैसे आ गई, जबकि उनके मुताबिक 1986 के जमीन के रिकॉर्ड से पता चलता है कि उनके पिता को 307 वर्ग गज जमीन आवंटित की गई थी।

उन्होंने मांग की कि अवैध पीजी के खिलाफ कोई भी तोड़-फोड़ की कार्रवाई शर्मा की प्रॉपर्टी से शुरू होनी चाहिए।

आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र (जिसके तहत सत्य निकेतन आता है) का प्रतिनिधित्व करने वाले शर्मा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिस इमारत की बात हो रही है, वह ‘स्टिल्ट पार्किंग’ (भूतल में पार्किंग) वाली चार मंज़िला इमारत है।

शर्मा ने कहा कि जमीन दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की थी और उन्होंने इसके दस्तावेज भी दिखाए।

उन्होंने कहा कि यह संपत्ति उनकी पुश्तैनी जमीन थी और इसे खरीदा नहीं गया था। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं से माफी की मांग की और उनके ख़िलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराने की धमकी दी।

आप के संवाददाता सम्मेलन में झा ने सत्य निकेतन की एक लड़की का वीडियो भी दिखाया। उस लड़की ने स्थानीय लोगों से बात की थी, जिन्होंने उसे बताया कि शर्मा इलाके में पीजी मालिकों को बचा रहे थे।

झा ने पूछा, “1986 के जमीन के रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके पिता को सिर्फ 307 वर्ग गज जमीन आवंटित की गई थी। जब अनिल शर्मा के पिता 307 वर्ग गज जमीन पर चूल्हा टैक्स दे रहे थे, तो उनके 500 वर्ग गज के पीजी और 500 वर्ग गज के घर के लिए अतिरिक्त जमीन कहां से आई?”

कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि शर्मा की इमारत अवैध है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति के नाम पर 307 वर्ग गज जमीन दर्ज है, उसकी प्रॉपर्टी इतनी बड़ी जगह में कैसे हो सकती है। साथ ही, उन्होंने एमसीडी से मंजूर भवन योजना, कितनी जगह पर निर्माण की इजाजत है और कितने मंजिल की इमारत है, इसकी जानकारी भी मांगी।

आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि शर्मा सत्य निकेतन में “पीजी रैकेट” संचालित कर रहे थे।

भाषा राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में