आप नेताओं ने ‘बढ़े हुए’ बिजली बिल को लेकर गोवा के बिजली मंत्री को काले झंडे दिखाए

Ads

आप नेताओं ने 'बढ़े हुए' बिजली बिल को लेकर गोवा के बिजली मंत्री को काले झंडे दिखाए

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 05:48 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 05:48 PM IST

पणजी, 14 जून (भाषा) गोवा में आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रविवार को राज्य के बिजली मंत्री सुदिन धवलीकर को काले झंडे दिखाकर स्मार्ट बिजली मीटर लगाने और उपभोक्ताओं को कथित तौर पर ‘‘बढ़े हुए’’ बिजली बिल भेजे जाने का विरोध किया।

इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रही है। हालांकि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को जनता और विपक्षी दलों की आलोचना के बाद स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तथा विद्युत भार से जुड़े जुर्माने की वसूली पर रोक लगाने की घोषणा की थी।

‘आप’ नेताओं ने शनिवार को उत्तर गोवा के नागेशी गांव स्थित मंत्री धवलीकर के निजी आवास तक मार्च निकाला था। रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने पोंडा कस्बे में धवलीकर के निजी दौरे के दौरान उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व ‘आप’ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदेश टेलेइकर देसाई, पार्टी की पोंडा ब्लॉक के अध्यक्ष गीतेश नाइक और अन्य नेताओं ने किया।

देसाई ने संवाददाताओं से कहा कि बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को विश्वास में लिये बिना उन पर स्मार्ट मीटर थोपने का प्रयास किया जबकि उन्हें ‘बढ़े हुए’ बिजली बिल भी भेजे गए।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब मीडिया ने इस मुद्दे पर धवलीकर से सवाल किया तो उन्होंने कोंकणी की एक कहावत ‘नाक दामले शिवाय तोंड उघडणं’ (नाक दबाए बिना मुंह नहीं खुलता) का इस्तेमाल कर उपभोक्ताओं का अपमान किया। यह पूरी तरह अहंकार का परिचायक है।’’

‘आप’ नेता ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी का विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।

पार्टी ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार बिजली विभाग का इस्तेमाल ‘‘वसूली मशीन’’ की तरह कर रही है तथा जुर्माना लगाकर, बढ़े हुए बिजली बिल भेजकर और स्मार्ट मीटर लागू करके उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।

कांग्रेस ने इस फैसले को लेकर सावंत सरकार पर निशाना साधा है और कहा है कि यह ‘प्रशासनिक विफलता और असंवेदनशीलता’ को दिखाता है। पार्टी ने यह भी कहा कि सरकार के फैसले को वापस लेने के कदम से पूरी प्रक्रिया में कमियां उजागर हुई हैं।

भाषा राखी अमित

अमित