आप सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने पंजाब सरकार से उनके सुरक्षाकर्मियों को हटाने की अपील की

आप सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने पंजाब सरकार से उनके सुरक्षाकर्मियों को हटाने की अपील की

आप सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने पंजाब सरकार से उनके सुरक्षाकर्मियों को हटाने की अपील की
Modified Date: July 28, 2026 / 10:35 pm IST
Published Date: July 28, 2026 10:35 pm IST

चंडीगढ़, 28 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य बलबीर सिंह सीचेवाल ने मंगलवार को पंजाब के पुलिस प्रमुख से अपील की कि उनकी सुरक्षा में लगे छह सुरक्षाकर्मियों को वापस बुलाकर थानों में तैनात किया जाए।

उन्होंने कहा कि चोरी और लूट की ‘बढ़ती‘ घटनाओं के कारण उनकी तुलना में आम लोगों को सुरक्षा की अधिक जरूरत है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को भेजे पत्र में सांसद ने लिखा है, ‘‘जालंधर जिले के लोहियां क्षेत्र और सुल्तानपुर लोधी में पवित्र बेईं नदी के किनारे लूटपाट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, मैं विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि मेरी सुरक्षा में लगे छह सुरक्षाकर्मियों में से तीन को लोहियां थाने और तीन को सुल्तानपुर लोधी थाने में भेज दिया जाए।’’

सीचेवाल ने कहा कि उन्होंने शुरू में सुरक्षा लेने से मना कर दिया था, क्योंकि उन्हें कोई खतरा महसूस नहीं हो रहा था, लेकिन उनकी अनिच्छा के बावजूद सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए।

उन्होंने पुलिस महानिदेशक से तत्काल प्रभाव से उनकी सुरक्षा हटाने और उन छह सुरक्षाकर्मियों को दो थानों में वापस तैनात करने का अनुरोध किया।

आप सांसद ने अपने पत्र की एक प्रति पंजाब के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जालंधर एवं कपूरथला जिलों के उपायुक्तों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को भी भेजी।

राघव चड्ढा, राजेंद्र गुप्ता, हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, संदीप पाठक और विक्रमजीत साहनी के भाजपा में शामिल होने के बाद सीचेवाल पंजाब से आप के एकमात्र राज्यसभा सदस्य हैं।

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में