नलबाड़ी में एएएसयू नेता की हत्या, रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल

Ads

नलबाड़ी में एएएसयू नेता की हत्या, रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 01:51 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 01:51 PM IST

नलबाड़ी, एक जून (भाषा) नलबाड़ी जिले में ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (एएएसयू) के एक स्थानीय नेता की हत्या कर दी गई और हमले में उनकी एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार शाम जागरा के पास गंगापुर गांव में उस समय हुई, जब दोनों नलबाड़ी शहर से किताबें खरीदकर घर लौट रहे थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एएएसयू नेता मधुर्ज्य बर्मन के सिर और गर्दन पर गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बर्मन एएएसयू की क्षेत्रीय इकाई पश्चिम नलबाड़ी आंचलिक सत्र संस्था के सहायक सचिव थे। उनकी रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हैं और गुवाहाटी के मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘जानकारी के अनुसार, आशिक अली उर्फ रोज अली नामक व्यक्ति ने एएएसयू नेता के घर से करीब 300 मीटर पहले उनका स्कूटर रोका और धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।’’

एएएसयू के उपाध्यक्ष भवजीत बेजबरुआ ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए मांग की कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘एएएसयू आज नलबाड़ी शहर में बर्मन के लिए न्याय की मांग को लेकर विरोध रैली निकालेगा।’’

भाषा

खारी मनीषा

मनीषा