तमिलनाडु : अन्नाद्रमुक की चुनावी हार से दुखी 32 वर्षीय पार्टी पदाधिकारी ने की आत्महत्या

Ads

तमिलनाडु : अन्नाद्रमुक की चुनावी हार से दुखी 32 वर्षीय पार्टी पदाधिकारी ने की आत्महत्या

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 01:37 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 01:37 PM IST

तंजावुर (तमिलनाडु), एक जून (भाषा) तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक की लगातार चुनावी हार से दुखी पार्टी के 32 वर्षीय पदाधिकारी ने तंजावुर जिले के तिरुप्पंदाल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान के. ए. एस. महेंद्रन के रूप में हुई है जो ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) तंजावुर पूर्व व्यापार शाखा के संयुक्त सचिव के रूप में काम कर रहे थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक साल का बच्चा है।

आत्महत्या से पहले महेंद्रन ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने पार्टी की हालिया राजनीतिक हार पर गहरा दुख व्यक्त किया था। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने अन्नाद्रमुक के विभिन्न गुटों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भावुक अपील की और पार्टी को मजबूत करने के लिए अपने मतभेदों को भुलाकर पार्टी महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी के एकल नेतृत्व में एकजुट होने का आग्रह किया।

घटना की सूचना मिलने पर तिरुप्पंदाल पुलिस ने शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए तिरुप्पंदाल सरकारी अस्पताल भिजवाया। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

अन्नाद्रमुक महासचिव पलानीस्वामी के दिवंगत पदाधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए तिरुप्पंदाल जाने की उम्मीद है।

भाषा सुरभि

सुरभि