अनुच्छेद 370 को हटाने से जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का नया युग शुरू हुआ : भाजपा
अनुच्छेद 370 को हटाने से जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का नया युग शुरू हुआ : भाजपा
जम्मू/श्रीनगर, पांच अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने से जम्मू-कश्मीर में एकता, समानता और विकास के एक नए युग की शुरुआत हुई और लंबे समय से लंबित एक राष्ट्रीय संकल्प को पूरा किया गया।
ये बातें जम्मू स्थित पार्टी मुख्यालय में मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी की अध्यक्षता में आयोजित जम्मू-कश्मीर के भाजपा प्रवक्ताओं की बैठक में कही गईं।
सेठी ने कहा, ‘‘पांच अगस्त, 2019 का दिन जम्मू-कश्मीर के लिए एकता, समानता और विकास के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक था।’’
भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले ने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत किया और साथ ही देश के बाकी हिस्सों के साथ जम्मू-कश्मीर के पूर्ण संवैधानिक और विकासात्मक एकीकरण को सुनिश्चित किया।
उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात को याद किया गया कि भाजपा दशकों से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने की वकालत करती रही थी और यह फैसला ‘एक राष्ट्र, एक संविधान’ के सिद्धांत तथा जम्मू-कश्मीर के सभी नागरिकों के लिए समान अधिकारों और अवसरों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रवक्ताओं ने पिछले छह वर्षों में केंद्र शासित प्रदेश में आए सकारात्मक बदलावों का भी जिक्र किया, जिनमें तेजी से हुआ अवसंरचना विकास, पारदर्शी शासन, मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं, बेहतर जन-कल्याण और समाज के सभी वर्गों तक केंद्रीय कानूनों और कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार शामिल है।
उन्होंने राष्ट्रीय हित में एक साहसिक और ऐतिहासिक फैसला लेने के लिए प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
पार्टी ने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में जश्न मनाकर अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाए जाने की सातवीं वर्षगांठ मनाई।
श्रीनगर के जवाहर नगर इलाके में स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने इस मौके पर केक काटा।
पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने पंथा चौक से लाल चौक सिटी सेंटर तक बाइक रैली निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें लाल चौक की ओर जाने की इजाज़त नहीं दी और उन्हें पार्टी कार्यालय की ओर मोड़ दिया।
भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि पांच अगस्त जश्न का दिन था, क्योंकि इसने देश में दो संविधान और दो झंडों की व्यवस्था को खत्म कर दिया।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


