पंजाब: मंत्रिमंडल ने तीन नये डिजिटल खुला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी
पंजाब: मंत्रिमंडल ने तीन नये डिजिटल खुला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी
चंडीगढ़, पांच अगस्त (भाषा) पंजाब मंत्रिमंडल ने बुधवार को राज्य में तीन नये डिजिटल खुला विश्वविद्यालय स्थापित करने को मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने शिक्षा को मजबूत करने, शासन और जन सेवा में सुधार करने और पूरे राज्य में समावेशी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई फैसले किए हैं।
कैबिनेट ने सरकार से गैर सहायता प्राप्त निजी शिक्षण संस्थानों द्वारा शुल्क में ‘बेवजह और अनुचित’ बढ़ोतरी को नियंत्रित करने के लिए ‘पंजाब गैर सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थान शुल्क विनियमन (संशोधन) विधेयक, 2026’ लाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
सरकार ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर बेहतरीन शिक्षण संस्थानों को पंजाब की तरफ आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार ने ‘पंजाब में निजी डिजिटल खुला विश्वविद्यालय नीति, 2026’ तैयार की है।
कैबिनेट ने होशियारपुर के बोहन में क्लाउड विश्वविद्यालय, फतेहपुर में एमएस डिजिटल विश्वविद्यालय और पटियाला के नंदपुर केशो में फिजिक्सवाला डिजिटल विश्वविद्यालय को मंजूरी दी।
बयान में कहा गया, ‘‘इन विश्वविद्यालयों की स्थापना से शहर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और क्षेत्र के समग्र विकास में मदद मिलने की उम्मीद है।’’
इसने अन्य प्रमुख नीतिगत पहलों के साथ-साथ ‘पंजाब स्टेट आउटसोर्स्ड पर्सनल ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट बिल, 2026’ को भी मंजूरी दी।
कैबिनेट ने पंजाब माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2026 में संशोधन को भी मंजूरी दे दी है। इसका मकसद स्वेच्छा से नियमों का पालन करने को बढ़ावा देना, कानूनी विवादों को कम करना और जीएसटी प्रक्रियाओं को आसान बनाना है, जिससे राज्य भर में व्यापार और उद्योग को फायदा होगा।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


