राष्ट्रपति मुर्मू को मिले 300 उपहारों की ई-नीलामी शुरू
राष्ट्रपति मुर्मू को मिले 300 उपहारों की ई-नीलामी शुरू
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्राप्त 300 उपहारों की ई-नीलामी बुधवार से शुरू हो गई।
यह नीलामी ‘ई-उपहार’ के तीसरे संस्करण का हिस्सा है। यह एक अनूठी पहल है, जिसके तहत राष्ट्रपति को औपचारिक अवसरों पर प्राप्त उपहारों को सामाजिक कल्याण के लिए संसाधनों में बदला जाता है।
राष्ट्रपति भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीसरे संस्करण में राष्ट्रपति को प्राप्त 300 प्रमाणित उपहार शामिल हैं, जो भारत की समृद्ध कलात्मक परंपराओं, हस्तशिल्प और कूटनीतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं।
नीलामी सूची में राष्ट्रपति मुर्मू को विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों, संवैधानिक पदाधिकारियों, राज्य सरकारों, मंत्रालयों, सांस्कृतिक संस्थानों तथा विशिष्ट हस्तियों द्वारा भेंट किए गए उपहार शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक उपहार की पेशेवर तरीके से पहचान की गई है, उसका दस्तावेजीकरण, फोटोग्राफी और सूचीकरण किया गया है, ताकि उसकी प्रामाणिकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
राष्ट्रपति की परिकल्पना के अनुरूप, नीलामी से प्राप्त होने वाली 100 प्रतिशत राशि दो महत्वपूर्ण सामाजिक कल्याण पहलों पर खर्च की जाएगी, जिनमें अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा अन्य वंचित समुदायों की स्कूली छात्राओं के लिए शैक्षिक सहायता, छात्रवृत्ति और कौशल विकास तथा जानलेवा बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए मान्यता प्राप्त धर्मार्थ एवं चिकित्सा संस्थानों के माध्यम से उपशामक (पैलिएटिव) देखभाल, बाल कैंसर उपचार और अन्य स्वास्थ्य सहायता शामिल हैं।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


