एबीवीपी ने मनसुख मांडविया को ज्ञापन सौंपा, पंजाब विवि में ‘सिंथेटिक’ ट्रैक का प्रस्ताव स्वीकृत

Ads

एबीवीपी ने मनसुख मांडविया को ज्ञापन सौंपा, पंजाब विवि में 'सिंथेटिक' ट्रैक का प्रस्ताव स्वीकृत

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 04:48 PM IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) एबीवीपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की और खेल संस्कृति को मजबूत करने, एथलीट के कल्याण तथा 2036 ओलंपिक के लिए भारत की तैयारियों के उपायों का सुझाव देते हुए एक ज्ञापन सौंपा। आरएसएस की युवा शाखा ने रविवार को यह जानकारी दी।

एबीवीपी ने एक बयान में कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय में ओलंपिक मानक के ‘सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक’ के निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए मांडविया ने कहा कि प्रस्तावित ट्रैक पर अगले दो से तीन महीनों के भीतर प्रगति होने की उम्मीद है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक राज्य में खेल विश्वविद्यालय और प्रत्येक जिले में उत्कृष्टता केंद्र और बहु-खेल परिसर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।

एक बयान में कहा गया है कि कई अन्य सिफारिशों के अलावा छात्र संगठन ने ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभा पहचान पहल, एथलीट के लिए स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा, खेल उपकरण बैंक, एक राष्ट्रीय डिजिटल एथलीट पोर्टल की शुरुआत और मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) स्वयंसेवकों के लिए मानदेय में वृद्धि का भी प्रस्ताव रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री मांडविया को ज्ञापन सौंपते हुए देश भर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को सशक्त बनाने और खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करने के लिए कई सुझाव प्रस्तुत किए।

इसमें कहा गया है, ‘चर्चा के प्रमुख परिणामों में से एक एबीवीपी और पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ द्वारा पंजाब विश्वविद्यालय में ओलंपिक-मानक के ‘सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक’ के निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग थी।’

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप