एसीबी की कार्रवाई; जयपुर में पटवारी व कर्मचारी और अजमेर में ई-मित्र ऑपरेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार
एसीबी की कार्रवाई; जयपुर में पटवारी व कर्मचारी और अजमेर में ई-मित्र ऑपरेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर, 12 मार्च (भाषा) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए जयपुर में एक पटवारी, एक कर्मचारी और अजमेर में एक ई-मित्र ऑपरेटर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एसीबी के अनुसार, जयपुर जिले की बस्सी तहसील के खेड़ी ग्राम पंचायत में तैनात पटवारी विक्रम बुंकर और कर्मचारी अशोक कुमार को 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कृषि भूमि के विभाजन के लिए परिवादी से धन की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ब्यूरो ने जाल बिछाया और रिश्वत लेते समय दोनों को पकड़ लिया।
एसीबी की एक अन्य टीम ने अजमेर में ई-मित्र ऑपरेटर हेमराज को 60,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि यह राशि भीलवाड़ा जिले के जवांपुरा गांव में एक कंपनी के लिए लीज डीड के पंजीकरण के बदले मांगी गई थी।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने लीज डीड पंजीकरण के लिए हेमराज से संपर्क किया था। ऑपरेटर ने कथित तौर पर उसे तहसीलदार गणेश कच्छावा से मिलने के लिए कहा और रिश्वत की मांग की।
शिकायत की सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और 60,000 रुपये की राशि ऑपरेटर की मेज की दराज से बरामद की।
उन्होंने बताया कि इस मामले में तहसीलदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


