बिहार में हत्या के मामले का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
बिहार में हत्या के मामले का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बिहार में हत्या और कत्ल की कोशिश के मामलों में वांछित आरोपी को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया है। एक वर्ष से ज्यादा समय से गिरफ्तारी से बच रहा आरोपी एक ढाबे में सफाईकर्मी का काम कर रहा था। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बिहार के मधुबनी निवासी आरोपी कपिल कुमार पासवान को 13 मई को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पासवान के खिलाफ मधुबनी के राजनगर और रहिका थानों में दो मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस को दिल्ली में आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद,अपराध शाखा की एक टीम ने गुप्त रूप से जांच पड़ताल की और दो दिनों तक संदिग्ध पर नजर रखी।
अधिकारी ने कहा,’पासवान ने अपनी पहचान कथित तौर पर बदल ली थी और पकड़े जाने से बचने के लिए एक ढाबे में सफाईकर्मी के रूप में काम कर रहा था।’
निगरानी के दौरान, आरोपी को कई बार संदेह हुआ और पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही वह बचने निकलने में कामयाब रहा।
इसके बाद एक पुलिस कर्मी ने सादे कपड़ों में आरोपी से संपर्क किया और रास्ता पूछने का नाटक किया। जब आरोपी बातचीत में मशगूल था, तभी टीम के अन्य सदस्यों ने उसे काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान, पासवान ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह मार्च 2025 में परिवार की संपत्ति को लेकर हुए विवाद को सुलझाने के लिए अपने पैतृक गांव लौटा था, जहां उसकी मुलाकात अपने सहयोगी संजू झा से हुई।
पुलिस के मुताबिक, पिछले साल 26 मार्च को दोनों आरोपियों ने वित्तीय विवाद को लेकर दीपक नामक व्यक्ति को कथित तौर पर गोली मार दी जिसकी मौके पर ही मौत हो गई और फिर वे फरार हो गए।
तीन अप्रैल, 2025 को आरोपियों ने राहुल चौधरी नामक व्यक्ति पर कथित तौर पर गोली चलाई, क्योंकि उन्हें शक था कि राहुल को हत्या के बारे में जानकारी है। राहुल इस हमले में बच गया और उसने राहिका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि पासवान तब से फरार था, जबकि बिहार पुलिस ने उसके कथित साथी झा को गिरफ्तार कर लिया था।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


