दिल्ली के रोहिणी में दोस्त की हत्या का आरोपी फरार, अन्य हिरासत में
दिल्ली के रोहिणी में दोस्त की हत्या का आरोपी फरार, अन्य हिरासत में
नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में टोपी खींचने को लेकर हुए विवाद के बाद दोस्त की चाकू मारकर हत्या करने का नाबालिग आरोपी फरार है जबकि मामले में एक अन्य नाबालिग को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि चाकू से वार करने के दौरान आरोपी के साथी ने पीड़ित को पकड़ रखा था और घटना के बाद दोनों ने पीड़ित को कथित तौर पर इसकी जानकारी किसी को नहीं देने तथा चोट को दुर्घटनावश गिरने का मामला बताने के लिए दबाव डाला।
एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब घायल लड़के को 11 फरवरी को बीएसए (बाबा साहेब अंबेडकर) अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसने शुरू में चिकित्सकों को बताया कि वह अपने घर की छत से लोहे की छड़ पर गिर गया था।
अधिकारी ने बताया कि लड़के ने 13 फरवरी को दम तोड़ दिया और अगले दिन किए गए पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि चोट के निशान किसी धारदार हथियार के थे जो हत्या की ओर इशारा करता है। उन्होंने बताया कि इसके बाद विजय विहार थाने में संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया, जिसने खुलासा किया कि तीनों दोस्त थे और आरोपी के साथ वह भी कथित तौर पर इस घटना में शामिल था।
पीड़ित और अन्य आरोपी विजय विहार की एक ही इमारत में रहते थे।
तीनों लड़के 11 फरवरी को छत पर बैठे थे तभी इनमें से एक ने पीड़ित की टोपी छीन ली और उसे लौटाने से इनकार कर दिया, जिससे बहस शुरू हो गई। झगड़े के दौरान मुख्य आरोपी ने दोस्त से कथित तौर पर तौर पर पीड़ित को पकड़ने के लिए कहा और खुद उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों ने घायल नाबालिग को धमकाया कि वह घटना का किसी से जिक्र नहीं करे और यही कहे कि लोहे की छड़ पर गिरने के कारण उसे चोट लगी है। उन्होंने उसे आश्वासन दिया कि वे इलाज का इंतजाम करेंगे। डर की वजह से पीड़ित ने शुरू में अपने परिवार से भी यही बात कही।
अन्य नाबालिग कथित तौर पर अपने परिवार के साथ फरार हो गया है और उसे ढूंढने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि अपराध और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और सबूत जुटाए। मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा सुरभि धीरज
धीरज
धीरज

Facebook


