अभिनेता राहुल की मौत: फिल्म निकाय ने निष्पक्ष जांच की मांग की, पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

अभिनेता राहुल की मौत: फिल्म निकाय ने निष्पक्ष जांच की मांग की, पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

अभिनेता राहुल की मौत: फिल्म निकाय ने निष्पक्ष जांच की मांग की, पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
Modified Date: April 4, 2026 / 07:14 pm IST
Published Date: April 4, 2026 7:14 pm IST

कोलकाता, चार अप्रैल (भाषा) पूर्वी मेदिनीपुर जिले के दीघा के पास एक आउटडोर शूटिंग के दौरान अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की आकस्मिक मृत्यु को लेकर उठे विवाद के बीच, ‘पश्चिम बंगाल मोशन पिक्चर आर्टिस्ट्स फोरम’ ने शनिवार को इस घटना के संबंध में निर्माताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी और शांतिलाल मुखर्जी सहित मंच के वरिष्ठ सदस्यों ने रीजेंट पार्क पुलिस थाने के बाहर एक प्रेस वार्ता में बताया कि शिकायत में त्रासदी की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की गई है।

फोरम के एक सदस्य ने कहा, “हम चाहते हैं कि इस घटना के पीछे की असली सच्चाई और सटीक परिस्थितियां सामने आएं।” अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता भी प्रेस वार्ता में मौजूद थीं।

बनर्जी की पत्नी प्रियंका सरकार भी वहां मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने मीडिया से बात नहीं की।

फोरम ने शुक्रवार रात एक बयान में कहा, “29 मार्च को दीघा के पास तलसारी में टेलीविजन सीरियल ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग के दौरान, हमारे सहयोगी और फोरम सदस्य, अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का दुर्घटनावश डूबने से निधन हो गया।”

बयान में कहा गया, “इस संबंध में, मंच ने अपने सदस्यों की ओर से घटना के सटीक हालातों का पता लगाने के लिए कानूनी सलाह ली। तदनुसार, एक अप्रैल को प्रोडक्शन हाउस को स्पष्टीकरण मांगने के लिए एक औपचारिक पत्र भेजा गया।”

संस्था ने कहा, “हालांकि, दो अप्रैल को मिली प्रतिक्रिया असंतोषजनक और अपर्याप्त पाई गई। तब से, इस घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर विभिन्न राय और चिंताएं भी व्यक्त की गई हैं।”

मुखर्जी ने कहा कि इस स्थिति को देखते हुए और आगे की कानूनी सलाह-मशविरा के बाद, फोरम ने कानूनी कार्यवाही शुरू करने का फैसला किया है।

चटर्जी ने कहा कि फोरम आगे की कार्रवाई तय करने के लिए वकीलों से परामर्श करेगा।

इसी बीच, बांग्ला फिल्म उद्योग के कई सदस्यों ने टेक्नीशियंस स्टूडियो से राधा स्टूडियो तक जुलूस निकाला, जिसमें उन्होंने ‘राहुल के लिए न्याय’ लिखे हुए पोस्टर लिए हुए थे।

इस रैली का नेतृत्व उद्योग जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने किया, जिनमें अभिनेत्री-निर्देशक अपर्णा सेन, अंजन दत्त, निर्देशक श्रीजीत मुखर्जी, कौशिक गांगुली, अभिनेता-निर्देशक परमब्रत चटर्जी, अभिनेता रुद्रनील घोष, अभिनेत्री रिद्धि सेन, अभिनेता-नाट्य कलाकार कौशिक सेन आदि शामिल थे।

इससे पहले, ‘भोले बाबा पार करेगा’ के निर्माताओं ने बनर्जी की मौत पर दुख व्यक्त किया था और आश्वासन दिया था कि घटना से जुड़े हालातों की पारदर्शी तरीके से जांच की जाएगी।

भाषा प्रशांत धीरज

धीरज


लेखक के बारे में