कर्ज चुकाने के लिए सी-ग्रेड फिल्मों में काम किया: अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी

कर्ज चुकाने के लिए सी-ग्रेड फिल्मों में काम किया: अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी

कर्ज चुकाने के लिए सी-ग्रेड फिल्मों में काम किया: अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी
Modified Date: August 6, 2026 / 08:48 pm IST
Published Date: August 6, 2026 8:48 pm IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) ‘गोलमाल’ और ‘आजा नचले’ जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए चर्चित अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी ने कहा है कि जिंदगी के एक मुश्किल दौर में एक करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने सी-ग्रेड फिल्मों में काम किया था।

अभिनेत्री ने बताया कि उनकी और उनके पति राजा बुंदेला की एक प्रोडक्शन कंपनी थी, लेकिन 2002 में वह बंद हो गई और उन्हें बकाया पैसे चुकाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा।

मुखर्जी ने एक ‘इंस्टाग्राम लाइव’ में बताया, ‘किसी ने मुझसे पूछा, ‘मैम, आपने खराब फिल्मों में काम क्यों किया?’ मुझे बहुत बुरा लगा क्योंकि यह सच है और अपनी जिंदगी में पीछे मुड़कर यह सोचना बहुत परेशान करने वाला है कि मैंने वे लैंगिक भेदभाव वाली, सी-ग्रेड फिल्में क्यों कीं, जो महिलाओं का अपमान करने वाली थीं। वे अश्लील नहीं थीं, लेकिन वे अच्छी फिल्में भी नहीं थीं, बस गलत चुनाव थे।’

अपने उस दौर को याद करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है, हालांकि उन्हें उन फैसलों के बारे में बुरा लगता है, जो उन्हें मजबूरी में लेने पड़े थे।

मुखर्जी ने कहा, ‘‘क्या मैंने अपनी आत्मा बेच दी? हां, मैंने अपनी आत्मा बेच दी। क्या मुझे इसके बारे में अच्छा लगा? मुझे तब भी अच्छा नहीं लगा था और अब तो बिल्कुल भी नहीं लगता। लेकिन मैं बेबस थी। वर्ष 2002 में मेरे और मेरे पति की प्रोडक्शन कंपनी डूब गई और हम पर एक करोड़ रुपये का कर्ज हो गया… वसूली वाले लोग हमारे दरवाजे पर आते थे और हमें अपशब्द कहते थे।’

उन्होंने कहा, ‘वह एक मुश्किल दौर था, मेरे बच्चे छोटे थे और मुझे अपना कर्ज चुकाने के लिए काम करना पड़ा। हम दोनों ने कड़ी मेहनत की और तीन-चार साल में कर्ज चुका दिया। इसलिए मुझे वे फैसले लेने पड़े।’

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में