हैदराबाद: यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी आईपीएस प्रशिक्षु पुलिस हिरासत में लिया गया
हैदराबाद: यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी आईपीएस प्रशिक्षु पुलिस हिरासत में लिया गया
हैदराबाद, छह अगस्त (भाषा) हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में महिला सह-प्रशिक्षु के यौन उत्पीड़न के आरोपी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी को बृहस्पतिवार को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने पूछताछ की।
एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को आरोपी की दो दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की थी। आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार कर 29 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
पुलिस के अनुसार, एसवीपीएनपीए की एक महिला प्रशिक्षु की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ 18 जुलाई को यौन हमला, यौन उत्पीड़न, पीछा करने और हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए आरोपी की सात दिन की हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने केवल दो दिन की अनुमति दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को जेल से पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी 33-वर्षीय प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले का रहने वाला है। इससे पहले वह पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था।
यूपीएससी परीक्षा पास करने के बाद वह 2025 आईपीएस बैच में शामिल हुआ और दिसंबर 2025 से एसवीपीएनपीए में प्रशिक्षण ले रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पीड़िता से 2025 के मध्य में सोशल मीडिया के जरिए मुलाकात हुई थी। महिला ने भारतीय पुलिस सेवा में शामिल होने के उसके सफर से जुड़ी एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी थी।
पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के बाद अत्तापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


