आदमपुर उपचुनाव: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में भाजपा उम्मीदवार के ताऊ भी शामिल

Ads

आदमपुर उपचुनाव: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में भाजपा उम्मीदवार के ताऊ भी शामिल

  •  
  • Publish Date - October 13, 2022 / 10:27 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:51 PM IST

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर अगले महीने होने वाले उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार भव्य बिश्नोई के ताऊ चंद्र मोहन का नाम कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल है।

हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस के 39 स्टार प्रचारकों में शामिल है। कांग्रेस ने इस सीट पर पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता जयप्रकाश को उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस द्वारा घोषित स्टार प्रचारकों में वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उदयभान, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, किरण चौधरी, दीपेंद्र हुड्डा, अजय सिंह यादव, अशोक अरोड़ा, कुलदीप शर्मा और संपत सिंह के नाम हैं।

पूर्व विधायक चंद्र मोहन हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजन लाल के बड़े बेटे हैं। वह भव्य के पिता और वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के बड़े भाई हैं।

कुलदीप बिश्नोई ने अगस्त में विधायक के रूप में इस्तीफा देकर कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था और भाजपा की सदस्यता ले ली थी। इसके बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था।

भाषा वैभव माधव

माधव