उद्योगों में सुरक्षा संस्कृति अपनाना समय की जरूरत : उपमुख्यमंत्री बैरवा

उद्योगों में सुरक्षा संस्कृति अपनाना समय की जरूरत : उपमुख्यमंत्री बैरवा

उद्योगों में सुरक्षा संस्कृति अपनाना समय की जरूरत : उपमुख्यमंत्री बैरवा
Modified Date: March 4, 2026 / 07:11 pm IST
Published Date: March 4, 2026 7:11 pm IST

जयपुर, चार मार्च (भाषा) राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने उद्योगों में सुरक्षा संस्कृति अपनाने को समय की आवश्यकता बताते हुए बुधवार को कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल औद्योगिक विकास की आधारशिला है।

वह राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे।

बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘विकसित भारत–2047’’ के विजन को साकार करने के लिए सुरक्षित और सुदृढ़ औद्योगिक वातावरण अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने तथा श्रमिकों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

डॉ. बैरवा ने कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल न केवल श्रमिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि उद्योगों की उत्पादकता बढ़ाने और देश के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से आधुनिक तकनीकों, कृत्रिम मेधा (एआई), सेंसर आधारित निगरानी और ‘रीयल-टाइम मॉनिटरिंग’ जैसे उपायों को अपनाने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन तकनीकों के माध्यम से संभावित खतरों की समय रहते पहचान कर दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है।

उन्होंने सुरक्षा जागरूकता पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में कारखाना सुरक्षा पुरस्कार योजना-2026 के अंतर्गत औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित किया गया।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक


लेखक के बारे में