प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पूर्व रामचंद्र राव ने भाजपा की लोकप्रियता बढ़ने का भरोसा जताया

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पूर्व रामचंद्र राव ने भाजपा की लोकप्रियता बढ़ने का भरोसा जताया

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पूर्व रामचंद्र राव ने भाजपा की लोकप्रियता बढ़ने का भरोसा जताया
Modified Date: May 4, 2026 / 03:28 pm IST
Published Date: May 4, 2026 3:28 pm IST

हैदराबाद, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सफलता की पृष्ठभूमि में पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने सोमवार को विश्वास व्यक्त किया कि तेलंगाना में भी एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा और लोग बड़ी संख्या में भाजपा का समर्थन करेंगे।

राव ने हैदराबाद के परेड ग्राउंड में 10 मई को होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के लिए ‘भूमि पूजा’ की। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा की नीतियों और मोदी के शासन के कारण देश में हो रहे परिवर्तनकारी बदलावों को देख रहे हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जनसभा ऐतिहासिक होगी क्योंकि यह लगातार तीसरी बार मोदी के सत्ता संभालने और सफल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद तेलंगाना का उनका पहला दौरा होगा।’’

उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि करीब दो लाख लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

इस अवसर पर भाजपा सांसद के. लक्ष्मण, ईटाला राजेंद्र और कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

हालांकि भाजपा की तेलंगाना इकाई ने पहले 10 मई को होने वाली रैली को ‘जनाग्रह सभा’ (लोगों के आक्रोश को व्यक्त करने के लिए बैठक) नाम दिया था, लेकिन बाद में उसने ‘जनाग्रह’ शब्द हटा दिया क्योंकि मोदी के इस कार्यक्रम में शामिल होने और जनसभा से पहले लगभग 8,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखने का कार्यक्रम है।

भाजपा की तेलंगाना इकाई के मुख्य प्रवक्ता एन वी सुभाष ने तीन मई को मोदी की यात्रा को ‘‘विकास का त्योहार’’ बताया और विश्वास व्यक्त किया कि यह अवसर पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेगा तथा राज्य के विकास पथ में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश


लेखक के बारे में