बंगाल चुनाव परिणाम से पहले अभिषेक बनर्जी तृणमूल के सभी मतगणना एजेंट के साथ शनिवार को बैठक करेंगे

बंगाल चुनाव परिणाम से पहले अभिषेक बनर्जी तृणमूल के सभी मतगणना एजेंट के साथ शनिवार को बैठक करेंगे

बंगाल चुनाव परिणाम से पहले अभिषेक बनर्जी तृणमूल के सभी मतगणना एजेंट के साथ शनिवार को बैठक करेंगे
Modified Date: May 1, 2026 / 05:44 pm IST
Published Date: May 1, 2026 5:44 pm IST

कोलकाता, एक मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी विधानसभा चुनाव की मतगणना से दो दिन पहले शनिवार को अपनी पार्टी के सभी मतगणना एजेंट के साथ ‘वर्चुअल’ बैठक करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

यह बैठक शनिवार शाम चार बजे निर्धारित है और इसमें सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा मैदान में उतारे गए 291 विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना एजेंट शामिल होंगे।

दार्जिलिंग पहाड़ियों की शेष तीन सीटों पर अनित थापा के नेतृत्व वाले ‘भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा’ (बीजीपीएम) ने चुनाव लड़ा था।

‘वर्चुअल’ बैठक में बनर्जी मतगणना एजेंटों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराएंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चार मई को मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो।

तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि मतदाता सूची के संशोधन के दौरान इस तरह की वर्चुअल बातचीत नियमित रूप से होती रही है और बनर्जी ने नवंबर से फरवरी के बीच बूथ स्तर के एजेंटों के साथ कई बैठकें की हैं।

हालांकि, मार्च में चुनाव की घोषणा के बाद उन्होंने ऐसी कोई बैठक नहीं की। चुनाव परिणामों की उलटी गिनती शुरू होने के साथ ही, सत्तारूढ़ पार्टी का नेतृत्व मतगणना केंद्रों पर समन्वय को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

शनिवार को होने वाली वर्चुअल बैठक को यह सुनिश्चित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है कि मतगणना एजेंट पूरी तरह तैयार और सतर्क रहें।

उन्होंने बताया कि इस बैठक में मतगणना प्रक्रिया के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा होगी, जिसमें मतगणना के चरणों की संख्या और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को सुरक्षित कक्षों से बाहर निकालने के बाद पालन किए जाने वाले प्रोटोकॉल शामिल हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मतगणना एजेंटों को मोबाइल का उपयोग करने में सक्षम बनने के लिए कहा जाएगा, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने इस बार मतगणना के दौरान सुरक्षा उपायों के तहत क्यूआर कोड लागू किए हैं।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में