अन्नाद्रमुक ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, पलानीस्वामी पुन: एडप्पाडी सीट से चुनाव लड़ेंगे

अन्नाद्रमुक ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, पलानीस्वामी पुन: एडप्पाडी सीट से चुनाव लड़ेंगे

अन्नाद्रमुक ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, पलानीस्वामी पुन: एडप्पाडी सीट से चुनाव लड़ेंगे
Modified Date: March 25, 2026 / 02:58 pm IST
Published Date: March 25, 2026 2:58 pm IST

चेन्नई, 25 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी दल ‘आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची बुधवार को जारी की।

अन्नाद्रमुक राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।

उसने अपने प्रमुख और विपक्ष के नेता के. पलानीस्वामी को सेलम जिले में उनके गृह निर्वाचन क्षेत्र एडप्पाडी से पुन: उम्मीदवार बनाया है और अन्य कई विधायकों एवं पूर्व विधायकों को भी उनके पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्रों से एक बार फिर मैदान में उतारा है।

पूर्व मंत्री और चेन्नई शहर के प्रमुख नेता डी जयकुमार उत्तर चेन्नई के रोयापुरम से चुनाव लड़ेंगे और राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री सी वी षणमुगम विल्लुपुरम जिले के मैलम से चुनावी मैदान में उतरेंगे। अन्नाद्रमुक के शासनकाल में स्वास्थ्य मंत्री रहे सी विजयभास्कर विरालिमलाई से चुनाव लड़ेंगे।

अन्नाद्रमुक ने अपनी पहली सूची में विधायकों के पी मुनुसामी और डिंडीगुल में सी श्रीनिवासन को बरकरार रखा और उन्हें उनके गृह निर्वाचन क्षेत्रों क्रमश: वेप्पनहल्ली (कृष्णागिरि) और डिंडीगुल से उम्मीदवार बनाया।

वरिष्ठ नेता एवं विधायक नाथम आर. विश्वनाथन डिंडीगुल जिले के नाथम निर्वाचन क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमाएंगे। पार्टी ने पश्चिमी क्षेत्र के प्रमुख नेताओं एस पी वेलुमणि और पी थंगामणि को उनके गृह निर्वाचन क्षेत्रों क्रमश: थोंडामुथुर और कुमारपालयम से उम्मीदवार बनाया है।

विधायक सेलूर के. राजू और के. पी. अंबलगन क्रमश: मदुरै-पश्चिम और पलाकोड से चुनाव लड़ेंगे। कावेरी डेल्टा क्षेत्र के नेता आर. कामराज और ओ. एस. मनियन को नन्नीलम और वेदारण्यम से उम्मीदवार बनाया गया है।

पूर्व मंत्रियों कदंबूर सी राजू (विधायक) और आर बी उदयकुमार (विपक्ष के उपनेता) को क्रमश: कोविलपट्टी और तिरुमंगलम से उम्मीदवार बनाया गया है।

विरुधुनगर जिले के नेता के. टी. राजेंद्र बालाजी शिवकाशी से चुनाव लड़ेंगे।

पी बेंजामिन, एग्री एस एस कृष्णमूर्ति (विधायक), वी वी राजन चेल्लप्पा (विधायक), के सी करुप्पन्नन (विधायक), के सी वीरमणि, एम आर विजयभास्कर और टी एस राजेंद्रन भी इस सूची में शामिल हैं।

के सी वीरमणि और सी विजयभास्कर सहित पूर्व मंत्रियों पर सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय ने आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के मामले दर्ज किए हैं।

नाम तमिलर काची (एनटीके) पहले ही सभी 234 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है।

अन्नाद्रमुक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए 27 सीट, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के लिए 18 और अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के लिए 11 सीट आवंटित की हैं।

भाषा

सिम्मी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में