अन्नाद्रमुक केंद्र से माचिस उद्योग के लिए जीएसटी कम करने का आग्रह करेगी: पलानीस्वामी

अन्नाद्रमुक केंद्र से माचिस उद्योग के लिए जीएसटी कम करने का आग्रह करेगी: पलानीस्वामी

अन्नाद्रमुक केंद्र से माचिस उद्योग के लिए जीएसटी कम करने का आग्रह करेगी: पलानीस्वामी
Modified Date: March 31, 2026 / 12:46 pm IST
Published Date: March 31, 2026 12:46 pm IST

कोविलपट्टी (तमिलनाडु), 31 मार्च (भाषा) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख ई.के. पलानीस्वामी ने कहा है कि उनकी पार्टी माचिस उद्योग को राहत देने के लिए इस पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दर घटाने के लिए केंद्र से आग्रह करेगी।

तूतिकोरिन जिले के कोविलपट्टी में सोमवार रात चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने माचिस उद्योग पर जीएसटी को 18 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत करने की मांग की है।

उन्होंने यह भी कहा, “हम केंद्र सरकार से इस उद्योग के लिए जीएसटी में पांच प्रतिशत की कमी करने का आग्रह करेंगे।”

तमिलनाडु के कोविलपट्टी और शिवकाशी क्षेत्रों में माचिस और पटाखा उद्योग बड़े पैमाने पर चल रहे हैं, जिनमें लाखों श्रमिक काम करते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले भी पटाखा और माचिस उद्योग पर जीएसटी कम कराने के लिए कदम उठाए थे।

उन्होंने आश्वासन दिया कि 23 अप्रैल को निर्धारित विधानसभा चुनाव के बाद अगर पार्टी की सरकार बनती है तो इन उद्योगों के श्रमिकों के लिए कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा।

इससे पहले कडयनल्लूर में एक रैली को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी को खत्म कर तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने का संकल्प जताया।

पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेताओं को “शरण” देने का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी चुनावों में इससे पार्टी को कोई लाभ नहीं होगा।

उन्होंने दावा किया कि द्रमुक ने अन्नाद्रमुक से निष्कासित 19 नेताओं को टिकट दिया है, जिनमें ओ. पनीरसेल्वम और आर. वैथिलिंगम शामिल हैं।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में