मुंबई हवाई अड्डे पर एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आए
मुंबई हवाई अड्डे पर एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आए
नयी दिल्ली/मुंबई, सात जुलाई (भाषा) मुंबई हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक ही रनवे पर एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान आमने-सामने आ गए। हालांकि, वायुयान यातायात नियंत्रक (एटीसी) के निर्देश पर एअर इंडिया के विमान ने उड़ान भरने की प्रक्रिया रोक दी, जिससे एक हादसा होते-होते बचा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना रात करीब 10 बजे हुई।
सूत्रों के मुताबिक, एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान (उड़ान संख्या एआईएक्स1547) लैंडिंग के बाद रनवे से हटा भी नहीं था कि दिल्ली जाने वाला एअर इंडिया का विमान (उड़ान संख्या एआई816) उसी रनवे से उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।
एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि एटीसी के निर्देश के बाद उड़ान भरने की प्रक्रिया रोक दी गई।
हालांकि, इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘सात जुलाई को मुंबई से दिल्ली जाने वाली उड़ान एआई816 के चालक दल ने एटीसी से निर्देश मिलने के बाद उड़ान भरने की प्रक्रिया रोक दी और विमान को वापस ‘बे’ में ले आए।’’
भाषा सुभाष गोला
गोला

Facebook


