बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उतरते समय एअर इंडिया के विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया

बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उतरते समय एअर इंडिया के विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया

बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उतरते समय एअर इंडिया के विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया
Modified Date: May 21, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: May 21, 2026 4:54 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) बेंगलुरु हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार सुबह उतरते समय एअर इंडिया के एक विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विमान को विस्तृत जांच के लिए परिचालन से बाहर कर दिया गया है।

विमानन कंपनी का छोटा ए 321 विमान दिल्ली एवं बेंगलुरु के बीच उड़ान एआई 2651 रूप में उपयोग में लाया जाता है। घटना के समय विमान में 181 यात्री सवार थे।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उतरते समय विमान के पिछले हिस्से में टक्कर जैसा अनुभव हुआ।

उन्होंने कहा कि विमान हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सामान्य ढंग से उससे उतरे।

एक सूत्र ने बताया कि हवाई अड्डे के करीब पहुंचने पर विमान में कंपन महसूस हुआ, जिसके बाद पायलट ने विमान को स्थिर करने के लिए हवा में ही चक्कर लगाने का फैसला किया।

सूत्र ने बताया कि इसी दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।

सूत्रों के अनुसार, यह कंपन पास में एक विशाल विमान के उड़ान भरने के कारण महसूस हुआ।

इस बड़े विमान के बारे में विशिष्ट जानकारी प्राप्त नहीं की जा सकी है।

सूत्रों के अनुसार, उड़ान एआई2651 के रूप संचालित विमान में 181 यात्री सवार थे।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान को विस्तृत जांच के लिए रोक दिया गया है और संबंधित नियामक प्राधिकरणों के समन्वय से स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार घटना की जांच की जाएगी।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘परिणामस्वरूप, बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी उड़ान एआई2652 रद्द कर दी गई है। प्रभावित यात्रियों के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बेंगलुरु में हमारी ग्राउंड टीम सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं।’’

उन्होंने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइट रडार24 डॉट कॉम के अनुसार, यह उड़ान ए321 विमान द्वारा संचालित की गई थी।

भाषा

राजकुमार धीरज

धीरज


लेखक के बारे में