छठ पूजा के दौरान दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ा, 16 केंद्रों पर एक्यूआई ‘गंभीर’ स्तर पर

Ads

छठ पूजा के दौरान दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ा, 16 केंद्रों पर एक्यूआई 'गंभीर' स्तर पर

  •  
  • Publish Date - November 7, 2024 / 08:20 PM IST,
    Updated On - November 7, 2024 / 08:20 PM IST

नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) छठ पूजा के दौरान बृहस्पतिवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया और शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 382 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह जानकारी दी।

सोलह मौसम केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर दर्ज किया गया जबकि सात अन्य केंद्रों पर शाम तक वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर तक देखी गयी।

इनमें आनंद विहार, अशोक विहार, बवाना, मुंडका, जहांगीरपुरी, वजीरपुर, ओखला फेज दो, पंजाबी बाग, रोहिणी, सोनिया विहार और पटपड़गंज शामिल हैं।

सुबह शहर का एक्यूआई 367 था जबकि शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 377 दर्ज किया गया।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार शहर के कई इलाकों में धूम कोहरे की परत छाई हुई है और रात में शहर में धूम कोहरे की परत छा सकती है।

अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शाम 5:30 बजे आर्द्रता का स्तर 74 प्रतिशत रहा।

शुक्रवार को दिल्ली में हल्का कोहरा छाए रहने तथा मौसम गर्म रहने का अनुमान है।

एक्यूआई 0-50 को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 के बीच को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा

शुभम माधव

माधव