Raipur Crime News: 6 हत्याओं से दहला राजधानी रायपुर! एक हफ्ते से भीतर हुई वारदातों से सहमे लोग, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

Ads

6 हत्याओं से दहला राजधानी रायपुर! एक हफ्ते से भीतर हुई वारदातों से सहमे लोग, Six murders in a week rocked capital Raipur

  • Reported By: Tehseen Zaidi

    ,
  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 11:46 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 11:47 PM IST

रायपुर। Raipur Crime News: राजधानी रायपुर में लगातार सामने आ रही हत्या की वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के चार थाना इलाकों में हत्या की छह वारदातें सामने आने से पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मुजगहन, अभनपुर, खमतराई, सरस्वती नगर और आमानाका थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में कई मामलों में हत्या की वजह आपसी विवाद और चरित्र पर संदेह सामने आया है। वहीं कुछ मामलों में पुलिस की जांच अभी जारी है।

मुजगहन में लिव-इन पार्टनर ने की छात्रा की हत्या

Raipur Crime News: हत्या की पहली वारदात मुजगहन थाना क्षेत्र में सामने आई। कांकेर निवासी आदिवासी छात्रा भारती नेताम लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। 1 जुलाई को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रेमी सावंत बघेल मृतका के चरित्र पर संदेह करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। इसी विवाद के चलते उसने कथित तौर पर भारती की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

तालाब किनारे मिला चौकीदार का शव, पत्नी निकली आरोपी

दूसरी वारदात 4 जुलाई को रायपुर ग्रामीण के अभनपुर थाना क्षेत्र में हुई। टोकरो गांव के एक तालाब में चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक बरगढ़, ओडिशा का रहने वाला था। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार ने ही उसकी हत्या की थी। पत्नी ने पुलिस को बताया कि पति के चरित्र पर संदेह करने से वह परेशान थी। घटना की रात उसने कथित तौर पर पति को अपनी बेटी के साथ गलत हरकत करते देखा, जिसके बाद गुस्से में उसने साड़ी के पल्लू से पति का गला दबा दिया। बाद में शव को तालाब के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

प्रेमिका की हत्या कर तालाब में फेंका शव

तीसरी वारदात 5 जुलाई को खमतराई थाना क्षेत्र की डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में हुई। यहां एक युवती का शव तालाब में तैरता मिला। जांच में मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके प्रेमी करण तांडी तक पहुंच बनाई। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच करीब चार साल से प्रेम संबंध था। आरोपी प्रेमिका के चरित्र पर संदेह करता था। उसने नंदनी को सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत के पास सुनसान जगह पर मिलने बुलाया और कथित तौर पर उसके ही दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आपसी रंजिश में युवक की हत्या

चौथी वारदात सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में सामने आई। 7-8 अगस्त की दरम्यानी रात सतनामी पारा कोटा में आपसी विवाद के दौरान महेश धृतलहरे पर हमला किया गया। आरोप है कि तुषार महिधर उर्फ बाउ और सुरेंद्र मधुकर उर्फ पोका ने रॉड और डंडे से उसकी जमकर पिटाई की। गंभीर हालत में महेश को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

रावाभाठा में लापता युवक की लाश मिलने से सनसनी

पांचवीं वारदात भी 8 अगस्त को खमतराई थाना क्षेत्र में सामने आई। रावाभाठा के बांधा मैदान में कंक्रीट कल्वर्ट और पानी के पाइप के पास एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 22-23 वर्षीय पवन टंडन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पवन 5 अगस्त से लापता था और कई दिनों से घर नहीं लौटा था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच उसका शव मिलने की सूचना मिली। शव को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद उसे पाइप के अंदर छिपाया गया होगा। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है।

रेलवे पटरी के पास मिला अज्ञात युवक का शव

छठी वारदात 8 अगस्त को ही आमानाका थाना क्षेत्र में हुई। रेलवे पटरी के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। युवक के शरीर पर कई चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल आमानाका पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक की पहचान और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

छह वारदातों ने बढ़ाई चिंता

एक के बाद एक सामने आई इन छह घटनाओं में से चार मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि खमतराई और आमानाका की घटनाओं में जांच जारी है। खास बात यह है कि इनमें कई हत्याओं के पीछे चरित्र पर संदेह, पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश जैसे कारण सामने आए हैं। लगातार हो रही इन वारदातों ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और अपराधियों में पुलिस के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि लंबित मामलों में पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों तक पहुंचती है और शहर में बढ़ती हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

ये भी पढ़ें