नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) आलिया भट्ट और शरवरी अभिनीत फिल्म ‘अल्फा’ ने रिलीज के पहले सप्ताहांत में दुनियाभर के सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर 57.60 करोड़ रुपये की कमाई की। निर्माताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी।
शिव रवैल के निर्देशन में बनी और यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) द्वारा निर्मित ‘अल्फा’, इस स्टूडियो की जासूसी कहानियों पर आधारित फिल्मों की श्रृंखला की पहली ऐसी फिल्म है जिसमें मुख्य भूमिकाएं महिला कलाकारों ने निभाई हैं।
निर्माताओं ने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट साझा कर फिल्म की कमाई के आंकड़े जारी किए।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘अल्फा’ के हमारे दर्शकों के लिए ‘अल्फा-प्यार’। एक्शन, संगीत और रोमांच से भरपूर ‘अल्फा’ सिनेमाघरों में देखिए। अपने टिकट अभी बुक करें।’’
यह फिल्म दो विशिष्ट खुफिया एजेंटों की कहानी पर आधारित है, जिनके किरदार आलिया भट्ट और शरवरी ने निभाए हैं। फिल्म में ये दोनों एजेंट एक खतरनाक दुश्मन (बॉबी देओल का किरदार) का मुकाबला करने के लिए एक बड़े अभियान पर निकलती हैं।
फिल्म में अनिल कपूर भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जबकि ऋतिक रोशन विशेष भूमिका में जासूस कबीर धारीवाल के अपने किरदार को दोहराते नजर आए हैं।
‘अल्फा’ यशराज फिल्म्स की जासूसी कहानियों पर आधारित फिल्मों की श्रृंखला की नवीनतम फिल्म है, जिसमें इससे पहले ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
यह फिल्म शुक्रवार को देश भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हुई।
भाषा
राखी संतोष
संतोष