शिक्षक दिवस पर सिक्किम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की

Ads

शिक्षक दिवस पर सिक्किम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 10:25 AM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 10:25 AM IST

गंगटोक, पांच सितंबर (भाषा) सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका लोगों के जीवन को दिशा देने, उनमें संस्कार और मूल्यों का विकास करने तथा समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

माथुर ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने का काम नहीं करते, बल्कि वे युवाओं में नैतिक मूल्य जगाते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक तथा भावी नेता बनने के लिए तैयार करते हैं।

राज्यपाल ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनकी निष्ठा, कड़ी मेहनत और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है।

माथुर ने कठिन परिस्थितियों में काम करने के बावजूद छात्रों का मार्गदर्शन करने के लिए सिक्किम के सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में दुनिया भर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और विशेष रूप से सिक्किम में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।

तमांग ने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, मार्गदर्शन, धैर्य और समर्पण के माध्यम से लोगों और समाज के जीवन को गढ़ने में एक गहन भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक नयी पीढ़ी के मन में सीखने की ललक जगाते हैं, उनमें जीवन-मूल्यों का विकास करते हैं और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के सपने देखने, सीखने तथा उसे साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का सामर्थ्य देते हैं।

मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने शिक्षकों के नि:स्वार्थ योगदान को सम्मान देने तथा विद्यार्थियों की पीढ़ियों के जीवन पर उनके स्थायी प्रभाव को रेखांकित करने का आह्वान किया।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल

ताजा खबर