सेरेना और वीनस टाईब्रेकर में हारी, अल्काराज़ और सबालेंका की आसान जीत

Ads

सेरेना और वीनस टाईब्रेकर में हारी, अल्काराज़ और सबालेंका की आसान जीत

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 10:24 AM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 10:24 AM IST

न्यूयॉर्क, पांच सितंबर (एपी) सेरेना और वीनस विलियम्स एक बार फिर यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में आकर्षण का केंद्र रहीं, लेकिन वे वापसी पर जीत हासिल नहीं कर पाई जबकि अप्रैल के बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता में खेल रहे कार्लोस अल्काराज़ ने अपना विजय अभियान जारी रखा।

सेरेना और वीनस ने हालांकि महिला युगल के पहले दौर के मैच में कड़ी चुनौती पेश की। इन दोनों बहनों ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए मैच को टाईब्रेकर तक पहुंचाया। उनके पास जीत का शानदार मौका था लेकिन टाईब्रेकर में उन्होंने 5-0 की बढ़त गंवा दी और और आखिर में हाओ-चिंग चान और माया जॉइंट से 6-3, 6-7 (6), 7-6 (10-7) से हार गईं।

यह 2022 के बाद यूएस ओपन में उनका पहला मैच था। उन्होंने यहां दो बार युगल खिताब जीता है। तीसरे सेट में 4-1 से पिछड़ने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए सेट को बराबरी पर ला दिया था।

सेरेना ने इस साल 44 साल की उम्र में टेनिस में वापसी की। वीनस 46 साल की उम्र में भी टूर पर खेलना जारी रखे हुए हैं।

इस बीच पुरुष एकल में मौजूदा चैंपियन और दूसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज़ ने वू यिबिंग को 6-3, 6-4, 6-1 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। दाहिनी कलाई में चोट के कारण चार महीने तक खेल से बाहर रहने वाले दो बार के चैंपियन अल्काराज़ का सामना अब 20वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल से होगा, जिन्होंने 15वीं वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर बुब्लिक को पांच सेटों में हराया।

अल्काराज़ ने कहा, ‘‘मैंने जितना सोचा था मैं उससे बेहतर प्रदर्शन कर रहा हूं।’’

महिला एकल में दो बार की मौजूदा चैंपियन एरीना सबालेंका ने भी चौथे दौर में प्रवेश किया। उन्होंने कामिला रखिमोवा को 6-3, 6-4 से हराया। विश्व की नंबर एक खिलाड़ी को दूसरे सेट में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा जो 54 मिनट तक चला। उन्होंने दूसरे दौर का अपना मैच केवल 53 मिनट में जीता था।

वह सेरेना विलियम्स के बाद लगातार तीन यूएस ओपन खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनने की कवायद में हैं। अंतिम 16 में उनका मुकाबला टेलर टाउनसेंड से होगा।

तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने पहला सेट आसानी से गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 2021 की उपविजेता लेयला फर्नांडीज को 1-6, 6-4, 6-3 से हराया।

पेगुला का मुकाबला अब रोमानिया की 36 वर्षीय सोराना सिर्स्टिया से होगा, जो इस सत्र के बाद संन्यास लेने पर विचार कर रही हैं। 16वीं वरीयता प्राप्त सोराना ने 19वीं वरीयता प्राप्त जैस्मीन पाओलिनी को 6-3, 6-3 से हराया।

टाउनसेंड ने 15वीं वरीयता प्राप्त डायना श्नाइडर को 6-2, 6-7 (3), 6-3 से हराकर लगातार दूसरे वर्ष अंतिम 16 में जगह बनाई।

विंबलडन चैंपियन लिंडा नोस्कोवा और 11वीं वरीयता प्राप्त मार्टा कोस्त्युक भी अगले दौर में पहुंच गईं लेकिन सातवीं वरीयता प्राप्त कैरोलिना मुचोवा को 26वीं वरीयता प्राप्त एम्मा नवारो ने बाहर कर दिया।

पुरुष एकल में 2021 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव ने आर्थर रिंडरकनेच को 6-4, 6-4, 6-4 से हराया। सातवीं वरीयता प्राप्त मेदवेदेव का सामना 11वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसेस टियाफो से होगा, जिन्होंने 22वीं वरीयता प्राप्त वैलेंटीन वाचेरोट को 6-4, 6-2, 6-4 से पराजित किया।

स्टेफानोस सिटसिपास ने 18वीं वरीयता प्राप्त जिरी लेहेका को हराकर पहली बार यूएस ओपन के चौथे दौर में प्रवेश किया।

एपी

पंत

पंत