चार वर्षों में चुनाव पूर्व किए गए सभी वादे पूरे हुए, पंजाब प्रगति के पथ पर अग्रसर: मान
चार वर्षों में चुनाव पूर्व किए गए सभी वादे पूरे हुए, पंजाब प्रगति के पथ पर अग्रसर: मान
चंडीगढ़, 16 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल के भीतर चुनाव पूर्व की सभी ‘गारंटियों’ को पूरा कर लिया है और राज्य प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार के चार साल पूरे होने पर मान यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अपनी सरकार की अब तक की उपलब्धियों पर एक पुस्तिका भी जारी की।
पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि वे अपने-अपने कार्यकाल के पांच वर्षों के भीतर अपने घोषणापत्रों में किए गए चुनावी वादों को पूरा नहीं कर सकीं।
उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने चार साल के भीतर सभी वादों को पूरा कर दिया है।
मान ने कहा, ‘पंजाब प्रगति के पथ पर अग्रसर है।’
अपनी सरकार की उपलब्धियों का विवरण साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान करने, किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने, ‘आम आदमी क्लीनिक’ खोलने और मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का नकद रहित चिकित्सा उपचार प्रदान करने के बारे में बात की।
उन्होंने कहा कि 2022 में उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद विपक्षी दलों ने घरों को दी जाने वाली मुफ्त बिजली के वादे पर सवाल उठाए। उन्होंने घरों को दी जाने वाली 300 यूनिट मुफ्त बिजली का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमने जुलाई में अपना पहला चुनावी वादा पूरा किया।’
उन्होंने कहा कि लोगों को बिजली उपलब्ध कराने पर कोई शर्त नहीं थी और लगभग 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, जिससे प्रति परिवार प्रति माह 5,000 रुपये से 7,000 रुपये की राहत मिल रही है।
उन्होंने पचवारा कोयला खदान से कोयले की आपूर्ति फिर से शुरू करने और 1,080 करोड़ रुपये के व्यय पर 540 मेगावाट का एक निजी बिजली संयंत्र खरीदने के बारे में भी जानकारी दी।
मान ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में 881 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए हैं और ऐसे 200 से अधिक क्लीनिक और स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इन क्लीनिक में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या पांच करोड़ से अधिक हो गई है, जो उनकी सेवाओं में लोगों के भरोसे को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना शुरू की है जिसके तहत प्रत्येक निवासी परिवार को 10 लाख रुपये तक का नकद चिकित्सा उपचार प्रदान किया जाएगा।
‘सड़क सुरक्षा बल’ की स्थापना का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि इससे राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 49 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने दावा किया कि इस पहल की कई राज्यों ने सराहना की।
भाषा शुभम रंजन
रंजन

Facebook


