चंडीगढ़, तीन जुलाई (भाषा) भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शुक्रवार को कहा कि पिछले चुनावों से पहले किए गए वादे के तहत दी जाने वाली आर्थिक सहायता योजना में देरी के लिए पंजाब सरकार को राज्य की हर महिला को 51,000 रुपये देने चाहिए।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सत्ता में रहने के दौरान हर महीने के लिए महिलाओं को 1,000 रुपये दिए जाने चाहिए।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने महिलाओं के लिए मासिक वित्तीय सहायता योजना ‘मावां धियां सत्कार योजना’ की बुधवार को शुरुआत की और कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान दी गई अपनी अंतिम चुनावी ‘‘गारंटी’’ को पूरा कर दिया है।
इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिये जायेंगे, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
ढिल्लों ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि मान सरकार ने पंजाब की महिलाओं के साथ धोखा किया है।
ढिल्लों ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि सरकार पंजाब में आम आदमी पार्टी के 51 महीनों के शासनकाल के लिए तुरंत 51,000 रुपये महिलाओं के खातों में हस्तांतरित करे।’’
उन्होंने योजना को लागू करने में हुई ‘‘देरी’’ को ‘‘ऐतिहासिक धोखा’’ करार दिया।
आम आदमी पार्टी पंजाब में मार्च 2022 में सत्ता में आई थी।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ‘आप’ ने झूठे दावों और दुष्प्रचार के जरिए लोगों को गुमराह करने की कला में महारत हासिल कर ली है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश