सब्जियों के दाम बढ़ने के बीच प्रवर्तन शाखा की टीम ने बंगाल भर के बाजारों का निरीक्षण किया

Ads

सब्जियों के दाम बढ़ने के बीच प्रवर्तन शाखा की टीम ने बंगाल भर के बाजारों का निरीक्षण किया

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 03:46 PM IST

कोलकाता, दो अगस्त (भाषा) पिछले कुछ सप्ताह में सब्जियों, अंडों और रोजमर्रा की दूसरी जरूरी चीजों की कीमतों में तेजी से हुई बढ़ोतरी के बीच प्रवर्तन शाखा (ईबी) की टीम ने कीमतों पर नजर रखने के लिए रविवार को कोलकाता के मुख्य थोक और खुदरा बाजार समेत पश्चिम बंगाल के कई बाजारों का दौरा किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

ईबी की टीम ने कोलकाता में श्यामबाजार, गरिया बाजार, जादू बाबू बाजार और थोक बाजार वाले इलाकों का दौरा किया। वहां अधिकारियों ने व्यापारियों से बात करके सब्जियों की खुदरा कीमतों की जांच की और यह पता लगाया कि क्या कोई चीज बाजार की मौजूदा दरों से ज्यादा कीमत पर बेची जा रही है।

इसी तरह के अभियान कई जिलों में चलाए गए। जुलाई में सब्जियों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद, कीमतों पर नजर रखने के राज्य सरकार के निर्देशों के तहत यह राज्यव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। कीमतें बढ़ने को व्यापारियों ने बारिश की वजह से आपूर्ति में आई रुकावटों का नतीजा बताया था।

ईबी एक खास पुलिस इकाई है जो जमाखोरी, कालाबाजारी और कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी को रोकने का काम करती है।

दक्षिण 24 परगना जिले में, ईबी के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस, नगर पालिका अधिकारियों और ब्लॉक प्रशासन के कर्मचारियों के साथ मिलकर बारुईपुर और गरिया के बाजारों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सब्जियों की कीमतों के बारे में जानकारी ली और आपूर्ति व खुदरा दरों के बारे में व्यापारियों से बातचीत की।

पूर्वी मेदिनीपुर में, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने कोलाघाट और देउलिया के बाजारों का दौरा किया और आलू व प्याज जैसी जरूरी सब्जियों की कीमतों का जायजा लिया।

इसी तरह राज्य के कई जिलों के बाजारों में सब्जियों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों के बारे में जानकारी ली गई।

भाषा

शफीक खारी

खारी