तमिलनाडु सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे का विस्तार करने की योजना : मंत्री

Ads

तमिलनाडु सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे का विस्तार करने की योजना : मंत्री

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 04:23 PM IST

कोयंबटूर (तमिलनाडु), दो अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री के.जी. अरुणराज ने रविवार को कहा कि सरकार राज्य की चिकित्सा बीमा योजना, (सीएमसीएचआईएस) के दायरे का विस्तार करने पर चर्चा कर रही है ताकि इसमें ज़्यादा तरह की मेडिकल प्रक्रियाएं शामिल की जा सकें।

उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु में मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना (सीएमसीएचआईएस) लोगों की ज़्यादातर मेडिकल ज़रूरतों को पूरा करती है। अब हम इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि क्या इसके दायरे को और बढ़ाया जा सकता है। जल्द ही इस पर कोई अच्छा निर्णय लिया जाएगा।’’

उन्होंने यह बात राज्य द्वारा संचालित चिकित्सा संस्थानों में मौजूदा प्रशासनिक चुनौतियों पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही।

सरकारी अस्पतालों में बीमा दायरे में शामिल इलाज कभी -कभी नहीं मिल पाने के बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि इसकी वजह जन-जागरूकता की कमी है।

सरकारी अस्पतालों के वार्डों में खराब साफ-सफाई, जल निकासी की समस्याओं और कीड़े-मकोड़ों के उपद्रव के बारे में लगातार मिल रही शिकायतों को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से बुनियादी ढांचे में सुधार कर रही है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश