अमित शाह ने दिल्ली में बारापुला फ्लाईओवर, तीन अन्य सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया
अमित शाह ने दिल्ली में बारापुला फ्लाईओवर, तीन अन्य सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मयूर विहार फेज-1 को एम्स से जोड़ने वाले बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 समेत 1,941 करोड़ से अधिक की चार सड़क परियोजनाओं का मंगलवार को उद्घाटन और शिलान्यास किया।
शाह ने बारापुला में आयोजित एक कार्यक्रम में इन परियोजनाओं का उद्घाटन किया। शाह ने मुकरबा चौक अंडरपास का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास के निर्माण की आधारशिला रखी।
इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अन्य लोग मौजूद थे।
बारापुला फेज 3 परियोजना को 1,635 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसे 2014 में मंजूरी दी गई थी और काम 2015 में शुरू हुआ था। इसका काम शुरू में 2017 में पूरा किया जाना था लेकिन देरी के कारण इसकी लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
दिल्ली सरकार ने 2014 में यमुना पर एक और पुल बनाने की योजना बनाई थी। इसका मकसद पूर्वी दिल्ली और एनसीआर के नोएडा-गाजियाबाद से मध्य दिल्ली आने वाले गाड़ियों के दबाव को कम करना था। अभी मुख्य रूप से यात्री आईटीओ और निजामुद्दीन पुलों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग -24 जैसे रास्तों का इस्तेमाल करते हैं।
साल 2021 में, मानसून के दौरान यमुना के तेज प्रवाह के कारण पुल के लिए बनाया गया एक खंभा झुक गया। अधिकारियों ने कहा कि पुल पर काम हर साल मानसून के मौसम के दौरान रोक दिया गया था।
गलियारे में विभिन्न दिशाओं में यातायात की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए नौ ‘लूप’ हैं।
फ्लाईओवर सराय काले खां में मौजूदा बारापुला फ्लाईओवर से जुड़ जाएगा।
शाह ने ‘एक्स’ पर कहा कि दिल्ली की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ और दिल्लीवासियों के सफर को सुगम बनाने के लिए आज 1,941 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा, “ 1,635 करोड़ रुपये की लागत से बना बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 आज दिल्लीवासियों को समर्पित किया। इससे पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी होगी, जिससे आवागमन सुगम होगा, यातायात जाम से राहत मिलेगी और यात्रा का समय भी बचेगा।”
उन्होंने साथ ही, मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास का भी शिलान्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने इन परियोजनाओं की शुरुआत का श्रेय ‘‘डबल-इंजन सरकार की ताकत’’ को दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘डबल-इंजन सरकार के होने से ही दिल्ली की रुकी हुई परियोजनाएं जनता के लिए शुरू की जा सकती हैं। केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार यातायात जाम की समस्या को दूर करने के लिए कई परियोजनाओं की योजना बना रही है। यह एक ऐसी समस्या है जिसे पिछले 50 वर्षों से नजरअंदाज किया गया था।
वहां मौजूद लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि बारापुला फ्लाईओवर के लिए 11 साल का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है।
वर्मा ने कहा, ‘‘पिछले साल हमने वादा किया था कि बारापुला फ्लाईओवर का काम एक साल में पूरा हो जाएगा और हमने इसे कर दिखाया। पिछले 18 महीनों में आरोप-प्रत्यारोप या बहानेबाजी की कोई राजनीति नहीं हुई बल्कि सरकार ने सिर्फ जनता के लिए काम किया है।’’
चार परियोजनाओं में सबसे बड़ी बारापुला फेज-3 एलिवेटेड रोड कॉरिडोर परियोजना का उद्देश्य पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराना है। इसके तहत सिग्नल-फ्री मार्ग के जरिए मयूर विहार फेज-1 और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को जोड़ा जाएगा। यह फ्लाईओवर सराय काले खां में मौजूदा बारापुला फ्लाईओवर से जुड़ जाएगा जिससे करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग का विस्तार पूरा हो जाएगा।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


