तमिलनाडु: मंत्री ने द्रमुक, अन्नाद्रमुक पर ‘समन्वित नकारात्मक अभियान’ चलाने का आरोप लगाया

तमिलनाडु: मंत्री ने द्रमुक, अन्नाद्रमुक पर ‘समन्वित नकारात्मक अभियान’ चलाने का आरोप लगाया

तमिलनाडु: मंत्री ने द्रमुक, अन्नाद्रमुक पर ‘समन्वित नकारात्मक अभियान’ चलाने का आरोप लगाया
Modified Date: September 29, 2026 / 08:59 pm IST
Published Date: September 29, 2026 8:59 pm IST

कोयंबटूर (तमिलनाडु), 29 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मंत्री आधव अर्जुन ने मंगलवार को द्रमुक और अन्नाद्रमुक पर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के खिलाफ ‘समन्वित नकारात्मक अभियान’ चलाने का आरोप लगाया।

अर्जुन ने आरोप लगाया कि मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान दोनों प्रमुख द्रविड़ दलों ने विजय को निशाना बनाते हुए व्यक्तिगत हमले किए और उनके बीच ‘मूक समझ’ नजर आती है।

राज्य के लोक निर्माण और खेल विकास मंत्री अर्जुन ने दावा किया कि छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए विजय के प्रचार को व्यापक समर्थन मिल रहा है और इससे तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के अच्छे प्रदर्शन की जमीन तैयार हो रही है।

अर्जुन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने वैचारिक मुद्दों के बजाय बदनामी, अशोभनीय टिप्पणियों और व्यक्तिगत हमलों पर ध्यान केंद्रित किया, जिसमें महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियां भी शामिल हैं।

उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल और निजी जीवन पर हमले करना द्रमुक नेतृत्व की शैली का हिस्सा रहा है, जो पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि से लेकर उनके पोते और विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन तक जारी है।

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) पर निशाना साधते हुए अर्जुन ने आरोप लगाया कि पार्टी अपने दिवंगत मुख्यमंत्रियों एम जी रामचंद्रन और जे जयललिता के सिद्धांतों से भटक गई है और अब इसके महासचिव ई के पलानीस्वामी का परिवार पार्टी को नियंत्रित कर रहा है।

अर्जुन ने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी के नेतृत्व में द्रमुक और अन्नाद्रमुक ने प्रभावी रूप से ‘अपवित्र गठबंधन’ बना लिया है और अपने हितों के लिए नकारात्मक तरीकों का इस्तेमाल करके राजनीतिक विरोधियों को हाशिये पर डाल रहे हैं।

अर्जुन ने उदयनिधि स्टालिन पर आरोप लगाया कि द्रमुक नेता वैचारिक प्रचार के बजाय अपमानजनक टिप्पणियों और व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रहे हैं।

उन्होंने डीएमडीके महासचिव प्रेमलता विजयकांत की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि द्रमुक के साथ गठबंधन करके उन्होंने अपनी पार्टी की ‘मूल राजनीतिक रुख से समझौता किया है।’

अर्जुन ने कहा, ‘दिवंगत अभिनेता एवं नेता विजयकांत की आत्मा प्रेमलता को उस पार्टी के साथ जाने के लिए माफ नहीं करेगी, जिसे उन्होंने पहले खारिज किया था।’

भाषा अमित अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में