अमित शाह ने इफको के पारादीप संयंत्र का उद्घाटन किया; कहा-पांच करोड़ किसान इफको के मालिक हैं
अमित शाह ने इफको के पारादीप संयंत्र का उद्घाटन किया; कहा-पांच करोड़ किसान इफको के मालिक हैं
पारादीप, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में ‘भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड’ (इफको) के नये सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र का उद्घाटन किया। शाह ने कहा कि इस परियोजना से देश की उर्वरक उत्पादन क्षमता में इजाफा होगा।
शाह ने कहा कि पारादीप में 750 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नया संयंत्र इफको की उर्वरक उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक होगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में योगदान देगा।
उन्होंने बताया कि इस संयंत्र की उत्पादन क्षमता 2,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन है और इसमें प्रदूषण को काफी हद तक कम करने के उद्देश्य से तकनीक का उपयोग किया गया है।
इफको को एक सफल सहकारी आंदोलन का उदाहरण बताते हुए शाह ने कहा कि पांच करोड़ किसान इस संगठन के स्वामी हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘इफको जो भी अर्जित करता है, उसका लाभ देश के पांच करोड़ किसानों तक पहुंचता है। यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। इसका कार्यालय कहीं भी हो, इफको का असली स्वामी हमारे देश का किसान है।’’
शाह ने कहा कि इफको के पारादीप संयंत्र का विस्तार उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत के प्रयासों को समर्थन प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इफको के पारादीप संयंत्र में यह विस्तार उर्वरकों में प्रयुक्त आयातित कच्चे माल पर भारत की निर्भरता को कम करने में सहायक होगा।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि आत्मनिर्भरता का अर्थ केवल उर्वरकों का निर्माण ही नहीं, बल्कि देश के भीतर ही आवश्यक सभी कच्चे माल का उत्पादन करना भी है।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे आयात पर भारत की निर्भरता में उल्लेखनीय कमी आएगी।’’
मंत्री ने इफको अधिकारियों से आग्रह किया कि वे संगठन के लिए आयात शून्य करने के लक्ष्य को हासिल करने से संतुष्ट न हों, बल्कि यह सुनिश्चित करें कि संयंत्र उर्वरक उत्पादन में प्रयुक्त होने वाले सल्फ्यूरिक एसिड के आयात को रोकने में देश की मदद करे।
शाह ने कहा कि जब इफको ने पारादीप संयंत्र को एक निजी मालिक से अपने अधीन लिया था, तब इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 7.5 लाख मीट्रिक टन थी।
उन्होंने कहा, ‘‘अब यह 22 लाख मीट्रिक टन से अधिक हो गई है और मिश्रित उर्वरक और स्वदेशी डीएपी (डाईअमोनियम फॉस्फेट) का उत्पादन कर रही है। इफको का लाभ अब 3,800 करोड़ रुपये है।’’
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राज्य मंत्री संपद चंद्र स्वैन भी उपस्थित थे।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


