अमिताभ बच्चन ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया
अमिताभ बच्चन ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके निधन से एक पूरे युग का अंत हो गया।
बच्चन ने ‘ये मेरा दिल’, ‘तन्हा तन्हा’ और ‘दम मारो दम’ जैसे गानों को अपनी आवाज देने वाली गायिका को रविवार को अपने निजी ब्लॉग पर श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘ दुख और पीड़ा … एक पूरा युग… एक अद्भुत, असाधारण, विलक्षण उपस्थिति… कल खो गई। प्रतिष्ठित और दिग्गज गायिका आशा भोसले जी अब हमारे बीच नहीं रहीं।’’
उन्होंने कहा, “ हर गीत को अपनी आवाज़ से जीवंत करने की अद्भुत बहुमुखी प्रतिभा… अब स्वर्ग चली गईं हैं और हमारे पास अमर संगीत का एक पूरा विश्वकोश छोड़ गई है। उनका शरीर भले ही हमारे बीच से चला गया हो, लेकिन उनकी आत्मा हमेशा हमारे साथ रहेगी। उनकी आवाज-उनकी आत्मा हमेशा अमर रहेगी।’’
भोसले ने अपने आठ दशकों से अधिक लंबे करियर में 20 भाषाओं में 12,000 से अधिक गीत रिकॉर्ड किए। उन्हें वर्ष 2000 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और 2008 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
भाषा शोभना नरेश
नरेश

Facebook


