नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने पड़ोसी व प्रशंसक निर्मित जेसरानी को अपने घर आमंत्रित कर चौंका दिया।
निर्मित एक वायरल वीडियो में अपनी बालकनी से अमिताभ बच्चन का अभिवादन करते हुए नजर आए थे, जिसमें बाद उन्हें यह आमंत्रण मिला।
निर्मित ने सोमवार को ‘इंस्टाग्राम’ पर अमिताभ बच्चन के साथ एक तस्वीर साझा की और कहा कि इस अवसर के लिए वह बेहद आभारी हैं। उन्होंने कहा, “विश्वास ही नहीं हो रहा कि ऐसा हुआ। अमिताभ बच्चन जी से मिलने का सौभाग्य मिला। इस अवसर और उनके इस प्यारे व्यवहार के लिए मैं बहुत आभारी हूं। उनके घर से ‘संडे दर्शन’ का सीधा प्रसारण देखा और वाह। ऊर्जा तो बिल्कुल अद्भुत थी। सचमुच अविस्मरणीय।”
निर्मित ने बताया कि उन्हें अमिताभ की टीम से मुलाकात का संदेश मिला था। निर्मित और अमिताभ बच्चन की मुलाकात रविवार को हुई थी।
उन्होंने वीडियो में कहा, “मुझे बिग बी (अमिताभ बच्चन) की टीम से संदेश मिला कि सर हमसे शाम पांच बजे मिलेंगे। हमने सर का इंतजार किया, वे आए और हमने अपनी आंखों से, उनके घर से ही, ‘संडे दर्शन’ लाइव देखा। जब वे आए, तो हमने उनके पैर छुए लेकिन उन्होंने हमें ऐसा करने से रोक दिया। उन्होंने बड़े प्यार से ग्रुप फोटो खिंचवाई, फिर मैंने उनसे अकेले फोटो खिंचवाने का अनुरोध किया और वे मान गए। उन्होंने हमें अपने फोन से फोटो खींचने की भी इजाजत दी।”
निर्मित ने कहा, “वह (अमिताभ) इतने विनम्र और सरल स्वभाव के हैं कि मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकता। पहली बार मुझे उनके घर जाने का मौका मिला। मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि मैं अमिताभ सर के घर गया और उनसे व्यक्तिगत रूप से मिला। यह बहुत बड़ी बात है। मुझे आपसे मिलने का मौका देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, सर। सपने सच होते हैं!”
अमिताभ बच्चन हर रविवार को अपने उन प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं, जो उनकी एक झलक पाने के लिए उनके घर के आसपास जमा होते हैं।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश